नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 के नतीजों पर कांग्रेस द्वारा उठाए गए सवालों का चुनाव आयोग ने जवाब दिया है। चुनाव आयोग ने कहा है कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के नतीजों और डेटा में किसी भी तरह को कोई गड़बड़ी नहीं है। चुनाव आयोग ने कहा है कि चुनाव की सारी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बरती गई है। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने कांग्रेस डेलिगेशन को उनके द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देने के लिए 3 दिसंबर 2024 को मिलने का समय दिया है।
कांग्रेस ने 29 नवंबर 2024 को चुनाव आयोग को लिखा था पत्र
कांग्रेस ने 29 नवंबर 2024 को चुनाव आयोग को 5 पन्नों का एक पत्र लिखा था, जिसमे कांग्रेस ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में चुनाव आयोग द्वारा अनियमितता बरतने के गंभीर आरोप लगाए थे। कांग्रेस ने इस पत्र के माध्यम से चुनाव आयोग को यह भी आग्रह किया था कि वे इस मामले में उसके नेताओं को मिलने का अवसर दें, ताकि वे महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 में हुई गड़बड़ी का मुद्दा उठा सकें।
“मतदान डेटा में कोई गड़बड़ी नहीं है”
चुनाव आयोग ने आज 30 नवंबर 2024 को कांग्रेस के आरोपों का जवाब देते हुए कहाचुनाव आयोग ने हर चरण में प्रत्याशियों और उनके एजेंटों की भागीदारी के साथ एक पारदर्शी प्रक्रिया को अपनाया है। चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक पार्टियों की भागीदारी के साथ पारदर्शी मतदाता सूची अपडेट करने की प्रक्रिया को अपनाया है। चुनाव आयोग ने आगे कहा कि मतदान डेटा में कोई गड़बड़ी नहीं है। यह डेटा सभी प्रत्याशियों के साथ केंद्रवार उपलब्ध है और सत्यापन योग्य है।
चुनाव आयोग ने अपने आखिरी जवाब में कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024 खत्म होने के बाद शाम 5 बजे के मतदान डेटा और आखिरी मतदान डेटा में अंतर प्रक्रियात्मक प्राथमिकताओं के कारण है। क्योंकि पीठासीन अधिकारी को मतदान डेटा को अपडेट करने से पहले वोटिंग खत्म होने के समय कई वैधानिक कर्तव्यों का पालन करना होता है।




