नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की सियासत लगातार अपने चरम पर दिखाई दे रही है। ताजा मामला गृह मंत्री अमित शाह के डॉ. आंबेडकर पर दिए बयान के बाद शुरु हुआ है जिसे लेकर आम आदमी पार्टी सड़कों पर उतर आई है। अमित शाह ने संसद में अपनी बात रखते हुए विपक्ष को कहा था कि “जितना आंबेडकर आंबेडकर करते हो, उतना भगवान भगवान किया होता तो भला हो गया होता।” अब इसे लेकर कांग्रेस और AAP समेत सभी विपक्षी पार्टियां अमित शाह पर हमलावर हैं।
सड़को पर उतरे अरविंद केजरीवाल
अमित शाह के आंबेडकर पर दिए बयान का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर गई है। इस प्रदर्शन में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी, AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया जैसे बड़े नेता शामिल हैं। इससे पहले अरविंद केजरीवाल ने इस बयान पर अपनी प्रतिक्रिया भी दी थी। उन्होंने X पर ट्वीट करते हुए कहा कि “देखिए अमित शाह संसद में बाबा साहेब अंबेडकर का कैसे मजाक उड़ा रहे हैं। ये भाजपा वाले इतने अहंकारी हो गए हैं कि वे किसी को कुछ नहीं समझते। हां, अमित शाह जी। बाबा साहेब इस देश के हर बच्चे के लिए भगवान से कम नहीं हैं,”
अमित शाह के किस बयान पर हो रहा है बवाल
यह बवाल उस समय शुरु हुआ जब मंगलवार को संसद में अमित शाह ने बाबसाहेब आंबेडकर को लेकर विपक्ष पर हमला किया। उन्होंने कहा कि जितना आंबेडकर आंबेडकर कर रहे हो उतना अगर भगवान भगवान कर लिया होता तो भला हो गया होता। इस बयान के बाद राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस बयान पर आपत्ति जताई थी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अमित शाह को तुरंत मंत्रिमंडल से बर्खास्त कर देना चाहिए।




