नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर दावा किया है कि उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुए सीजफायर में अहम भूमिका निभाई थी। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने ट्रेड डील का दबाव डालकर दोनों परमाणु संपन्न देशों को युद्ध से रोका और सीजफायर करवाया।
“4-5 लड़ाकू विमान गिराए गए थे” — ट्रंप
व्हाइट हाउस में रिपब्लिकन नेताओं के साथ डिनर के दौरान ट्रंप ने कहा, “भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध चल रहा था, और हवाई हमले हो रहे थे। मुझे लगता है कि 4 या 5 फाइटर जेट मार गिराए गए थे। दोनों देश एक-दूसरे पर हमला कर रहे थे। हमने कहा कि अगर युद्ध नहीं रोका गया, तो कोई ट्रेड डील नहीं होगी। हालांकि ट्रंप ने यह नहीं बताया कि किस देश के विमान गिरे थे।
भारत ने ट्रंप के दावे को खारिज किया
भारत ने ट्रंप के इस दावे को एक बार फिर स्पष्ट रूप से खारिज कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही ट्रंप को साफ शब्दों में कहा था कि भारत ने किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपने फैसले के तहत सीजफायर किया था। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी कहा था कि अमेरिका से कोई ट्रेड डील बातचीत में शामिल नहीं थी।
एयर मार्शल और CDS ने क्या कहा था?
एयर मार्शल ए.के. भारती ने 10 मई को बताया था कि भारत ने पाकिस्तान के कई फाइटर जेट मार गिराए, लेकिन संख्या नहीं बताई। पाकिस्तान ने दावा किया कि भारत के 6 विमान, जिनमें राफेल भी शामिल हैं, मार गिराए गए। CDS जनरल अनिल चौहान ने कहा कि कुछ विमान जरूर गिरे, लेकिन संख्या नहीं बल्कि कारण महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “जो गलती हुई, उसे सुधार लिया गया और भारतीय सेना ने फिर से हमला किया।
क्या है ऑपरेशन सिंदूर?
भारत ने पाकिस्तान के पहलगाम हमले का जवाब ऑपरेशन सिंदूर से दिया। इस ऑपरेशन में भारत ने ब्रह्मोस मिसाइलों से पाकिस्तान और PoK में आतंकी ठिकानों को तबाह किया। लश्कर और जैश के ठिकाने नष्ट किए गए और पाकिस्तान के 9 बड़े एयरबेस को नुकसान हुआ। भारत ने न्यूक्लियर ठिकानों को भी टारगेट करने की तैयारी कर ली थी, तभी पाकिस्तान ने सीजफायर की गुहार लगाई। डोनाल्ड ट्रंप पहले भी कई बार भारत-पाक के बीच मध्यस्थता का दावा कर चुके हैं, लेकिन हर बार भारत ने उन्हें सख्त जवाब दिया है। इस बार भी ट्रंप ने भारत-पाक तनाव को ट्रेड डील से जोड़कर एक बार फिर क्रेडिट लेने की कोशिश की, जिसे भारत सरकार ने पूरी तरह नकार दिया है।





