नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रीति जिंटा और केरल कांग्रेस के बीच सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है। केरल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रीति जिंटा का 18 करोड़ रुपये का लोन माफ किया गया है, जबकि प्रीति ने इसे झूठा बताया। इस पर कांग्रेस ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है।
प्रीति जिंटा पर कांग्रेस का आरोप
केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि प्रीति जिंटा का 18 करोड़ रुपये का लोन माफ कर दिया गया है और उन्होंने अपना सोशल मीडिया अकाउंट भारतीय जनता पार्टी को सौंप दिया है। इस खबर के वायरल होने के बाद प्रीति जिंटा ने नाराजगी जताई और कांग्रेस पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगाया। प्रीति जिंटा ने एक्स Twitter पर पोस्ट करते हुए लिखा, “मैं अपना सोशल मीडिया अकाउंट खुद इस्तेमाल करती हूं और कांग्रेस को फेक न्यूज फैलाने के लिए शर्म आनी चाहिए। मेरा कोई लोन माफ नहीं हुआ है। मेरे द्वारा लिया गया लोन 10 साल पहले चुका दिया था। आशा है कि इससे भविष्य में गलतफहमी नहीं होगी। उन्होंने आगे कहा कि कई पत्रकार बिना जांच-पड़ताल के गलत खबरें लिखते हैं, जिससे उनकी छवि को नुकसान होता है।
कांग्रेस ने दी सफाई
प्रीति जिंटा के बयान के बाद केरल कांग्रेस ने फिर से एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “यह जानकर अच्छा लगा कि आप अपना अकाउंट खुद मैनेज कर रही हैं। आपकी लोन की स्थिति के बारे में जानकारी देने के लिए धन्यवाद। अगर हमसे कोई गलती हुई है, तो हम उसे सुधारेंगे। हमने मीडिया में आई खबरों को ही शेयर किया था। अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए प्रीति जिंटा ने मशहूर पत्रकार सुचेता दलाल का नाम लेते हुए लिखा, “सुचेता दलाल, अगली बार प्लीज पहले मुझसे बात करें और जांच लें कि खबर सही है या नहीं। मैंने भी मेहनत करके अपना सम्मान कमाया है, अगर आपको मेरी रिस्पेक्ट की परवाह नहीं है तो मुझे भी आपकी परवाह नहीं। अब मैं थक गई हूं, यह यहीं खत्म होता है।
फेक न्यूज पर नाराजगी जताई
प्रीति जिंटा ने कहा कि कई बार फर्जी खबरों के कारण उन्हें कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ी और इस पर बहुत पैसा खर्च करना पड़ा। उन्होंने आगे कहा कि अब समय आ गया है कि झूठी खबरें फैलाने वालों को सार्वजनिक रूप से जवाबदेह ठहराया जाए। यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर कांग्रेस अपने दावों को मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित बता रही है, तो दूसरी ओर प्रीति जिंटा इसे झूठा करार देते हुए पत्रकारों से भी नाराज दिख रही हैं। देखना होगा कि इस मामले में आगे क्या होता है।





