नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। साल 2025 के आखिरी दिन बुधवार को राजधानी दिल्ली घने कोहरे की चपेट में नजर आई। सुबह से ही विजिबिलिटी बेहद कम रहने के कारण इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (IGI) पर उड़ान संचालन बुरी तरह प्रभावित रहा। कोहरे की वजह से 300 से ज्यादा फ्लाइट्स पर असर पड़ा, जिससे नए साल के जश्न से पहले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई।
दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानें प्रभावित
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 148 उड़ानें रद्द की गईं 78 आगमन (Arrival) 70 प्रस्थान (Departure) करीब 200 फ्लाइट्स देरी से चलीं 2 उड़ानों को डायवर्ट करना पड़ा कम विजिबिलिटी के चलते एयरपोर्ट पर सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल रहा।
एयरलाइंस ने जारी की ट्रैवल एडवाइजरी
इंडिगो, एयर इंडिया और स्पाइसजेट समेत कई एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों से कहा गया है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी फ्लाइट का लेटेस्ट स्टेटस जरूर चेक करें। IGI एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि उड़ानों का संचालन CAT III प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद देरी और रद्दीकरण की आशंका बनी हुई है। एयरपोर्ट की ओर से कहा गया, “हमारी ग्राउंड टीमें मौके पर मौजूद हैं और यात्रियों की मदद कर रही हैं। ताजा जानकारी के लिए यात्री अपनी संबंधित एयरलाइंस से संपर्क करें।
रेल सेवाएं भी कोहरे से प्रभावित
कोहरे का असर सिर्फ हवाई सेवाओं तक सीमित नहीं रहा। कई रूटों पर ट्रेनें देरी से चलीं, जिससे नई दिल्ली, आनंद विहार और हज़रत निज़ामुद्दीन जैसे बड़े रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और इंतजार बढ़ गया। खराब विजिबिलिटी के कारण ट्रेनों की रफ्तार कम रखी गई, जिससे लंबी दूरी की ट्रेनों में घंटों की देरी देखी गई। कोहरे के साथ-साथ प्रदूषण ने भी लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के Sameer ऐप के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली का औसत AQI 383 दर्ज किया गया, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है और ‘गंभीर’ स्तर के करीब पहुंच चुका है।
यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह
प्रशासन और एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले फ्लाइट और ट्रेन का स्टेटस जांचें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें, ठंड और प्रदूषण को देखते हुए स्वास्थ्य का ध्यान रखें नए साल से पहले मौसम और प्रदूषण ने दिल्लीवालों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। आने वाले दिनों में भी कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना जताई जा रही है।




