नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की कानून व्यव्स्था दिन पर दिन खराब होती जा रह है। ताजा मामला दिल्ली के शाहदरा का है जहां सुबह का सूरज निकलते ही गोलीबारी से पूरा इलाका दहल गया। एक कारोबारी जो सुबह की सैर करने लौट रहे थे, उन्हें हमलावरों ने 6-7 राउंड फायरिंग करके मौत के घाट उतार दिया। इसके अलावा गोविंदपुरी में भी आपसी झगड़े में चाकूबाजी की घटना सामने आई है।
मॉर्निंग वॉक से लौटते समय मारी गोली
बर्तन कारोबारी सुनील जैन सुबह सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे, जैसे ही वह यमुना स्पोर्ट्स काम्पलेक्स के वापस लौट रहे थे तो शाहदरा के 60 फुटा रोड़ पर स्वर्ण सिनेमा के नजदीक कारोबारी को बाइक से आए हमलावरों ने 6-7 राउंड फायरिंग करके मौत के घाट उतार दिया। घटना की जानकारी मिलते ही फर्श बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचा दिया जहां कारोबारी को मृत घोषित कर दिया गया।
गोविंदपुरी में दो भाइयों के बीच चाकूबाजी
लचर कानून व्यवस्था का दूसरा उदाहरण गोविंद पुरी से सामने आया जहां एक ही घर में रहने वाले दो भाइयों के बीच कॉमन टायलेट की सफाई को लेकर बात हुई थी। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में चाकूबाजी हो गई जिसमें इलाज के दौरान सुधीर नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई।
अरविंद केजरीवाल ने उठाए दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर लगातार गृह मंत्री अमित शाह पर हमलावर हैं। शनिवार सुबह एक बार फिर अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर अपना पक्ष सामने रखा। केजरीवाल ने कहा कि “दिल्ली में बीजेपी ने जंगलराज ला दिया है। अमित शाह ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया है। दिल्ली वालों को एकजुट होकर आवाज उठानी होगी।””




