नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास एक बहुमंजिला फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग इतनी जबरदस्त थी कि चारों ओर काला धुआं फैल गया और काफी दूर से भी लपटें दिखाई देने लगीं। इस हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कुछ लोग घायल भी बताए जा रहे हैं।
7:25 बजे मिली सूचना, 16 दमकल गाड़ियां भेजीं गईं
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) को शाम 7 बजकर 25 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद एडीओ अजय शर्मा के नेतृत्व में 16 दमकल गाड़ियों को घटनास्थल पर भेजा गया। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने और राहत कार्यों में लगे हुए हैं।
जेसीबी से फैक्ट्री की दीवार तोड़कर हो रहा है बचाव
आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर फंसे लोगों को बचाने के लिए जेसीबी मशीन से फैक्ट्री की दीवार तोड़नी पड़ी, ताकि दूसरी तरफ से भी आग पर पानी डाला जा सके। अभी भी अंदर फंसे लोगों की तलाश की जा रही है और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
फैक्ट्रियों में सुरक्षा नियमों की अनदेखी बनी खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस इलाके में यह फैक्ट्री थी, वहां कई फैक्ट्रियां बिना नियमों के चल रही हैं। आग लगने की वजह फिलहाल साफ नहीं है, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।दिल्ली अग्निशमन सेवा के प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि फिलहाल आग के कारणों का पता नहीं चल सका है। दमकल विभाग द्वारा आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं, और जांच के बाद ही असली कारण सामने आ सकेगा।




