नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली और इसके आस-पास के इलाकों में गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं। रात का तापमान भी लगातार बढ़ रहा है और न्यूनतम 28 से 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से ज्यादा है। बीते कुछ दिनों से दिल्लीवासियों को न दिन में चैन मिल रहा है और न ही रात में राहत। हालांकि राहत की खबर यह है कि मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर अब राजधानी पर दिखने लगेगा। इसके चलते आने वाले दिनों में तेज हवाएं चलने की संभावना है और कुछ इलाकों में बारिश भी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है और लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली में सोमवार को अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से 0.4 डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान 28.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री ज्यादा है। इस दौरान राजधानी में सापेक्षिक आर्द्रता का स्तर भी 68 प्रतिशत तक पहुंच गया, जिससे उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
पालम और द्वारका में सबसे अधिक गर्मी, आज राहत की उम्मीद
सोमवार को दिल्ली में गर्मी अपने चरम पर रही। दिनभर आंधी और बारिश की संभावनाएं जताई गई थीं, लेकिन रात साढ़े आठ बजे तक मौसम में कोई खास बदलाव नहीं आया और तेज गर्मी बनी रही। राजधानी के विभिन्न इलाकों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। पालम में पारा 40.9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा, जबकि आया नगर सबसे गर्म रहा जहां तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया। अन्य इलाकों में रिज में 40.3 डिग्री, पीतमपुरा में 40.5 डिग्री, गुरुग्राम में 41.9 डिग्री और फरीदाबाद में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश की संभावना है। इसके साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की उम्मीद है। 20 मई को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को कुछ हद तक राहत मिल सकती है।
25 मई तक दिल्ली में बारिश की संभावना
दिल्लीवासियों को आगामी दिनों में गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 25 मई तक राजधानी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
इसी बीच राजधानी की हवा की गुणवत्ता फिलहाल औसत स्तर पर बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक सोमवार सुबह 9 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) ‘मध्यम’ श्रेणी में दर्ज किया गया। CPCB के मानकों के अनुसार 0 से 50 तक AQI ‘अच्छा’, 51 से 100 तक ‘संतोषजनक’, 101 से 200 तक ‘मध्यम’, 201 से 300 तक ‘खराब’, 301 से 400 तक ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच AQI को ‘गंभीर’ माना जाता है।




