नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली में मौसम ने अचानक सख्त रुख अपना लिया है। सोमवार को तेज ठंडी हवाओं और घने बादलों ने लोगों को गर्म कपड़ों में लिपटने पर मजबूर कर दिया। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। मौसम के आंकड़ों के मुताबिक, यह दिन बीते चार वर्षों में फरवरी का सबसे ठंडा दिन रहा। अधिकतम तापमान में एक ही दिन में सात डिग्री से ज्यादा की गिरावट आयी है। मौसम विभाग का कहना है कि आज भी दिल्ली-एनसीआर में कोहरे के साथ सर्द हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है, जिसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
फरवरी में टूटा ठंड का चार साल पुराना रिकॉर्ड
मौसम विभाग के ताजा आंकड़ों के अनुसार फरवरी महीने में यह अब तक का सबसे सर्द दिन साबित हुआ है, जो वर्ष 2022 के बाद पहली बार दर्ज किया गया। रविवार की देर रात से ही दिल्ली के कई इलाकों में घना कोहरा फैलने लगा था, जिसका असर सोमवार सुबह तक बना रहा। पालम क्षेत्र में कोहरे के कारण दृश्यता घटकर लगभग 100 मीटर रह गई।
दिल्ली की प्रमुख मौसम वेधशाला सफदरजंग में सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री सेल्सियस मापा गया, जो सामान्य से करीब 4.8 डिग्री कम रहा। वहीं, एक दिन पहले की तुलना में तापमान में 7.1 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई। इससे पहले फरवरी 2022 की तीन तारीख को दिन के समय इससे अधिक ठंड महसूस की गई थी, जब अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था।
अचानक क्यों सर्द हुआ मौसम?
मौसम में आए इस अप्रत्याशित बदलाव के पीछे एक सक्रिय वेस्टर्न डिस्टर्बेंस को जिम्मेदार माना जा रहा है। इसके प्रभाव से क्षेत्र में बिना मौसम की बारिश देखने को मिली, साथ ही घना कोहरा और तेज़, चुभती ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम विभाग का कहना है कि रात के समय हुई हल्की बारिश और हवाओं की रफ्तार कम रहने से हवा में नमी का स्तर बढ़ गया, जिसके चलते सुबह के समय घना कोहरा छा गया।
कोहरे की वजह से उड़ानें और ट्रेनें लेट
घने कोहरे का असर सीधे यातायात सेवाओं पर देखने को मिला है। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे समेत कई रेलवे स्टेशनों पर फ्लाइट्स और ट्रेनों के संचालन में देरी दर्ज की गई। कम दृश्यता के चलते एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को पहले ही सतर्क करते हुए उड़ानों के लेट होने की संभावना को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
ऐसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम
मौसम विभाग की ओर से पहले जारी किया गया रेड अलर्ट अब घटाकर येलो अलर्ट कर दिया गया है। विभाग का अनुमान है कि 8 फरवरी तक मध्यम स्तर का कोहरा बना रह सकता है। राहत की बात यह है कि आने वाले दिनों में दिन के तापमान में धीरे-धीरे इजाफा होगा और सप्ताह के आखिर तक पारा करीब 23 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि रात के समय ठंड का असर अभी जारी रहेगा। फिलहाल आज के लिए कोहरे को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी है, जबकि इसके बाद किसी नई मौसम चेतावनी की घोषणा नहीं की गई है।





