नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के DLF मोती नगर क्षेत्र में सोमवार रात एक बैंक्वेट हॉल में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि 24 दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजना पड़ा। गनीमत रही कि उस समय बैंक्वेट हॉल में कोई कार्यक्रम नहीं चल रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
काले धुएं से ढका पूरा इलाका
दिल्ली फायर सर्विस (DFS) को रात करीब 8 बजकर 47 मिनट पर सूचना मिली कि गोल्डन बैंक्वेट हॉल में आग लग गई है। घटनास्थल से आई तस्वीरों और वीडियो में देखा गया कि घना काला धुआं पूरे आसमान में फैल गया और तेज लपटों ने हॉल के बड़े हिस्से को घेर लिया। आग की गंभीरता को समझते हुए पहले 18 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। बाद में स्थिति और बिगड़ने पर 6 और गाड़ियां भेजी गईं। कुल मिलाकर 24 फायर टेंडर आग बुझाने में लगे रहे। साथ ही, एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें भी तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुट गईं।
दो लोग फंसे थे, एक बचाया गया, एक अब भी लापता
फायर सर्विस के अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जानकारी में दो लोगों के फंसे होने की बात सामने आई थी। इनमें से एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन दूसरे की तलाश अब भी जारी है। आग की भयावहता को देखते हुए पूरे इलाके को सील कर दिया गया है। एम्बुलेंस और पुलिस बल को भी एहतियातन तैनात कर दिया गया है। आम लोगों को दूर रहने की हिदायत दी गई है और आसपास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है।
आग के कारणों का अभी तक नहीं चला पता
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि आग कैसे लगी। दमकल विभाग और पुलिस की टीम आग के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिसमें आग की भयावहता साफ देखी जा सकती है। अगर इस हॉल में कोई समारोह चल रहा होता, तो यह घटना और भी भयानक हो सकती थी। फायर ब्रिगेड और राहत एजेंसियों की तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से अब तक स्थिति काबू में है, लेकिन एक व्यक्ति के लापता होने से चिंता बरकरार है।




