नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के चित्तरंजन पार्क CR पार्क में स्थित मछली बाजार में हाल ही में हंगामा हो गया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा ने बड़ा बयान देते हुए आरोप लगाया कि बीजेपी के लोगों ने वहां जाकर दुकानदारों को धमकाया और मछली बेचने पर आपत्ति जताई।
बंगाली बहुल इलाका है चित्तरंजन पार्क
CR पार्क को ‘मिनी कोलकाता’ भी कहा जाता है क्योंकि यहां बंगाली समुदाय की बड़ी संख्या रहती है। इस समुदाय की खास परंपराएं और खानपान की आदतें हैं, जिनमें मछली का अहम स्थान है। यहां करीब 60 साल से मछली बाजार चलता आ रहा है।
‘मंदिर के पास मछली मार्केट नहीं हो सकता’ कहकर किया विरोध
दुकानदारों ने बताया कि कुछ लोग बाजार में आकर बोले कि मंदिर के पास मछली की दुकान नहीं होनी चाहिए। दुकानदार दिवेंदु ने बताया, “मैंने उन्हें समझाया कि हम भी सनातनी हैं और हर दिन पूजा करके ही दुकान खोलते हैं। मंदिर भी हमने ही बनवाया है। ये बंगाली रिवाज है। स्थानीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष और दुकानदारों ने दावा किया कि जो लोग हंगामा करने आए, वो पहले भी कई बार बाजार का मुआयना (रेकी) कर चुके हैं। इससे लगता है कि ये सब एक सोची-समझी योजना का हिस्सा था।
दुकानदारों को धमकाने की कोशिश
एक दुकानदार ने बताया कि वीडियो बनाने आए व्यक्ति ने कहा, “हम चाहें तो यहां 50-100 लोगों को खड़ा करके हनुमान चालीसा पढ़वा सकते हैं।” दुकानदारों का कहना है कि उनका मकसद बाजार बंद करवाना था।
बीजेपी ने किया आरोपों से इनकार, बताया वीडियो फेक
महुआ मोइत्रा के आरोपों के जवाब में बीजेपी नेताओं ने कहा कि यह सब झूठ और राजनीति है। उनका कहना है कि बंगाली समाज को बीजेपी के खिलाफ भड़काने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि मछली खाना बंगाली संस्कृति का हिस्सा है और इसे लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। इस मामले को लेकर आम आदमी पार्टी ने भी बीजेपी को घेरा और कहा कि दिल्ली में साम्प्रदायिक तनाव फैलाने की कोशिश की जा रही है।




