नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बजट पेश कर दिया है। यह बजट 1 लाख करोड़ रुपये का है। बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर, हेल्थ और शिक्षा, पॉल्यूशन जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर फोकस किया गया है। बजट पेश करने से पहले रेखा गुप्ता सरकार ने दिल्ली की आम जनता से सुझाव मांगे थे। उन्हें इसके तहत 10,000 से ज्यादा सुझाव मिले थे।
बजट के कुछ मुख्य बिंदु
दिल्ली चुनाव में निर्णायक साबित हुई महिला समृद्धि योजन के लिए दिल्ली सरकार ने 5100 करोड़ रुपये आवंटित करने का फैसला किया है। जबकि झुग्गी झोपड़ी और जेजे कॉलोनी में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए 696 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया है।
बजट पेश करने के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने घोषणा करी कि प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में केंद्र सरकार के साथ साथ दिल्ली सरकार उसे और बढाएंगी जिससे वह रकम 10 लाख रुपये हो जाएगी। इस योजना के लिए 2144 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।
सीएम ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए 20 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। इसके अलावा 100 जगहों पर अटल कैंटीन खोली जाएगी जिसके लिए अलग से 100 करोड़ रुपये का बजट दिया जाएगा।
महिला सुरक्षा के मद्देनजर भी अहम ऐलान किया गया है। दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के मद्देनजर 50 हजार CCTV और लगाए जाएंगे। सड़क परिवहन और NCR के साथ कनेक्टिविटी के लिए 1,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि पिछली सरकार के दौरान खबरें आती थी कि टैंकर माफिया फल फूल रहा है। टैंकर के टैंकर चोरी हो जाते है। लेकिन हमारी सरकार ने इसपर लगाम लगाने के लिए टैंकरों में GPS लगाए जाएंगे।
स्वास्थ्य के क्षेत्र के लिए 6874 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। रेखा गुप्ता ने बताया कि आरोग्य आयुष मंदिर के लिए 320 करोड़ रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है।




