नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। अगर आप 21 जनवरी से 26 जनवरी के बीच दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ान भरने या यहां आने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद अहम है। गणतंत्र दिवस परेड, फुल ड्रेस रिहर्सल और कड़े सुरक्षा इंतज़ामों के चलते इन छह दिनों तक दिल्ली का एयरस्पेस रोज़ कुछ घंटों के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इसका सीधा असर देश-विदेश की सैकड़ों उड़ानों पर पड़ सकता है कहीं फ्लाइट लेट होगी, तो कहीं रूट बदले जा सकते हैं।
एयरलाइंस यात्रियों को पहले से अलर्ट कर रही हैं, जबकि एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से भी समय-समय पर नोटिस जारी किए जा रहे हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह है कि वे फ्लाइट स्टेटस पहले चेक करें, एयरलाइन की एडवाइजरी पर नज़र रखें और एयरपोर्ट के लिए अतिरिक्त समय लेकर निकलें। एक छोटी सी चूक आपकी यात्रा को लंबा इंतज़ार बना सकती है।
NOTAM जारी, एयरलाइंस को पहले से सूचना
सरकार और एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ओर से NOTAM (नोटिस टू एयरमैन) जारी कर दिया गया है। इसके तहत तय समय पर दिल्ली एयरपोर्ट पर न तो कोई विमान लैंड कर सकेगा और न ही यहां से टेक-ऑफ हो पाएगा। चूंकि दिल्ली एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, इसलिए इस बंदी का असर सिर्फ राजधानी तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कई इंटरनेशनल और कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी प्रभावित होंगी।
कब और कितनी देर बंद रहेगा एयरस्पेस
NOTAM के अनुसार 21 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक हर दिन सुबह 10:20 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक दिल्ली एयरस्पेस पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान सभी तरह की उड़ानों की आवाजाही रोक दी जाएगी। यह व्यवस्था गणतंत्र दिवस की रिहर्सल, वायुसेना के फ्लाईपास्ट अभ्यास और VVIP मूवमेंट को ध्यान में रखकर की गई है।
गणतंत्र दिवस पर क्यों होती है यह पाबंदी
हर साल गणतंत्र दिवस से पहले और 26 जनवरी को दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था चरम पर होती है। राजधानी पूरी तरह हाई अलर्ट पर रहती है। इस दौरान भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान और हेलिकॉप्टर फ्लाईपास्ट का गहन अभ्यास करते हैं, ताकि परेड के दिन कोई चूक न रह जाए।
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और कई विदेशी मेहमानों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहतीं। इसी कारण एहतियातन दिल्ली के एयरस्पेस को कुछ घंटों के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया जाता है।
इस पूरी प्रक्रिया को व्यवस्थित रखने के लिए NOTAM (नोटिस टू एयरमेन) जारी किया जाता है, ताकि एयरलाइंस और पायलट्स को पहले से जानकारी मिल सके और वे उड़ानों के रूट व समय में जरूरी बदलाव कर सकें। यात्रियों के लिए यह कदम असुविधाजनक जरूर होता है, लेकिन देश की सुरक्षा और गरिमा के लिए इसे बेहद ज़रूरी माना जाता है।
यात्रियों को हो सकती हैं ये परेशानियां
दिल्ली एयरपोर्ट से यात्रा करने वाले यात्रियों को इन दिनों अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। एयरस्पेस बंद रहने के चलते कई उड़ानों के डिपार्चर और अराइवल टाइम में बदलाव हो सकता है, वहीं कुछ फ्लाइट्स को रद्द या री-शेड्यूल भी किया जा सकता है। खासतौर पर कनेक्टिंग फ्लाइट पकड़ने वाले यात्रियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ सकती है। इसके अलावा सर्दियों में पहले से जारी घना कोहरा स्थिति को और मुश्किल बना सकता है, जिससे उड़ानों में देरी का खतरा और बढ़ जाएगा।
600 से ज्यादा उड़ानें हो सकती हैं प्रभावित
एविएशन एनालिटिक्स कंपनी सिरियम (Cirium) के मुताबिक, इस अवधि में 600 से अधिक अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर असर पड़ सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट से रोज़ लाखों यात्री सफर करते हैं और बड़ी संख्या में इंटरनेशनल कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी यहीं से जुड़ी होती हैं। ऐसे में यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से फ्लाइट स्टेटस जरूर चेक करें और समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें।





