नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली में जल संकट को लेकर आप सरकार ने आज सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। केजरीवाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दर्ज की जिसमें पड़ोसी राज्यों से यमुना नदी में पानी छोड़ने की गुजारिश की। दिल्ली में पिछले कुछ दिनों से पानी की बहुत किल्लत हो रही है दिल्लीवासियों को पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है। दिल्ली सरकार का आरोप है कि यमुना नदी में हरियाणा ने पानी की आपूर्ति कम कर दी है, जिसकी वजह से दिल्ली में जल संकट पैदा हुआ है।
आप सरकार ने हरियाणा सरकार पर लगाया गंभीर आरोप
केजरीवाल सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में अपनी याचिका में मांग की है कि जल संकट को देखते हुए हरियाणा, यूपी और हिमाचल प्रदेश से 1 महीने के लिए अतिरिक्त पानी मिले। दिल्ली सरकार ने ये याचिका ऐसे समय पर दायर की है जब जल संसाधन मंत्री आतिशी ने हाल ही में बीजेपी शासित राज्य हरियाणा पर दिल्ली के हिस्से का यमुना जल रोकने का आरोप लगाया है।
केजरीवाल ने की ये मांग
वहीं, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज बीजेपी से आग्रह किया कि वह हरियाणा और उत्तर प्रदेश की अपनी सरकारों से राष्ट्रीय राजधानी को 1 महीने तक पानी उपलब्ध कराने के लिए कहे। दिल्ली के मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राजनीति करने का समय नहीं है। बता दें कि राष्ट्रीय राजधानी गंभीर जल संकट का सामना कर रही है।
पानी को लेकर बना विवाद
इससे पहले आतिशी ने हरियाणा पर 1 मई से दिल्ली के हिस्से का पानी नहीं देने का आरोप लगाते हुए कहा था कि आने वाले दिनों में यमुना के पानी की आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ तो दिल्ली सरकार सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर सकती है। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऐसा नहीं है।
अन्य ख़बरों के लिए क्लिक करें – www.raftaar.in





