नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली के दक्षिणपुरी इलाके में शनिवार को चार लोगों की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। ये घटना आंबेडकर नगर थाना क्षेत्र की है, जहां एक बंद कमरे से चार पुरुषों के शव बरामद हुए। मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं।
पड़ोसियों ने दी सूचना, दरवाजा तोड़कर कमरे में पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों के अनुसार, जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां चारों शव जमीन पर पड़े मिले। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमरे में कोई खिड़की या वेंटिलेशन नहीं था, और दरवाजा भी अंदर से बंद था। इससे दम घुटने से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो पाएगा।
AC मैकेनिक का काम करते थे सभी मृतक
पुलिस के मुताबिक, मृतक एसी मैकेनिक का काम करते थे और आपस में परिचित थे। वे एक साथ उसी कमरे में रह रहे थे। मृतकों की पहचान और रिश्तेदारों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। हालांकि फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुला लिया गया है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।
पुलिस का बयान, पोस्टमार्टम से खुलेगा रहस्य
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, “फिलहाल मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही सही जानकारी मिल सकेगी। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में डर और चिंता का माहौल है। लोग इसे अप्राकृतिक मौत मान रहे हैं और पूरी सच्चाई जानने का इंतजार कर रहे हैं। दिल्ली के दक्षिणपुरी में चार लोगों की सामूहिक संदिग्ध मौत ने सभी को चौंका दिया है। हालांकि पुलिस इसे दम घुटने का मामला मान रही है, लेकिन जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आ जाती, सच्चाई पर रहस्य बना रहेगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।





