नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। आल इंडिया स्टेशन मास्टर्स एसोसिएशन (एआईएसएमए) ने सभी स्टेशन मास्टरों और फ्रंटलाइन स्टाफ के कोरोना टीकाकरण सहित अन्य मांगों को लेकर 31 मई को एसएमएस अभियान की घोषणा की है। देशभर के 30 हजार से अधिक स्टेशन मास्टर एसएमएस संदेश भेजने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को उठाएंगे। स्टेशन मास्टरों ने रेलवे अधिकारियों को 30 जून तक टीकाकरण करने के लिए एक अल्टीमेटम दिया है। एसोसिएशन का दावा है कि अब तक लगभग दो हजार रेल कर्मचारियों की मृत्यु कोरोना से हो चुकी है और सैंकड़ों कर्मचारी प्रतिदिन संक्रमित हो रहे हैं। वहीं रेल मंत्रालय ने पिछले दिनों बताया था कि अब तक वह लगभग 4.32 लाख रेलकर्मियों को टीकाकरण कर चुका है और शेष कर्मचारियों के टीकाकरण के लिए राज्य सरकारों पर जोर दे रहा है। पहला चरण 45 वर्ष और उससे अधिक का था और मेडिकल स्टाफ और आरपीएफ जैसे अग्रिम पंक्ति के कर्मचारी शामिल थे। सरकार की अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की सूची में रेलवे कर्मचारी शामिल नहीं हैं। भारतीय रेलवे के स्टेशन मास्टर्स की एसोसिएशन एआईएसएमए ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि 31 मई को एसएमएस अभियान के साथ ही सोशल मीडिया माध्यमों जैसे ट्वीटर, व्हाट्सएप पर भी यह अभियान चलाया जाएगा। एसोसिएशन ने रेलवे बोर्ड के अकर्मण्य दृष्टिकोण के खिलाफ अपनी मजबूत नाराजगी व्यक्त कर ताकत दिखाने का फैसला किया है। संगठन ने आश्वासन दिया है कि इस विरोध अभियान के कारण ट्रेन सेवाओं में कोई व्यवधान नहीं होगा। हिन्दुस्थान समाचार/सुशील




