नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कोरोना वायरस एक बार फिर देश में चिंता का कारण बनता जा रहा है। हाल के दिनों में संक्रमण के मामलों में इजाफा देखा गया है। बुधवार सुबह तक भारत में कुल सक्रिय मामलों की संख्या 1047 तक पहुँच गई है। महाराष्ट्र में 66 और उत्तर प्रदेश में 10 नए केस दर्ज किए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कोरोना वायरस से अब तक देश में कुल 11 लोगों की मौत हो चुकी है। स्थिति को देखते हुए केंद्र और राज्य सरकारें सतर्क हो गई हैं। कई राज्यों ने अपने अस्पतालों को अलर्ट पर रखते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं, ताकि किसी भी संभावित स्थिति से निपटा जा सके।
मुंबई में बढ़ा कोरोना का खतरा, महाराष्ट्र में 66 नए मामले
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा 26 मई तक जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में 1010 सक्रिय मामले थे, लेकिन अब यह संख्या और बढ़ गई है। महाराष्ट्र में बीते दिन 66 नए संक्रमित मरीज मिले हैं, जिनमें से 31 अकेले मुंबई शहर से हैं। महाराष्ट्र में अब कुल सक्रिय मामलों की संख्या 325 हो गई है। मुंबई में तेजी से बढ़ते संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जे जे हॉस्पिटल में कोरोना मरीजों के इलाज के लिए 15 बेड वाला एक अलग आइसोलेशन वार्ड स्थापित कर दिया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
उत्तर प्रदेश में भी बढ़ने लगे कोरोना के मामले
कोरोना वायरस का संक्रमण उत्तर प्रदेश में भी धीरे-धीरे पैर पसारने लगा है। 26 मई तक राज्य में जहां 15 सक्रिय मामले थे, वहीं 10 और नए केस आने के बाद अब इनकी संख्या बढ़कर 25 हो गई है। गाजियाबाद जिले में भी संक्रमण के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जहां अब तक 14 मरीज सामने आ चुके हैं। गाजियाबाद में 13 संक्रमित मरीज होम आइसोलेशन में हैं, जबकि एक मरीज को अस्पताल में भर्ती किया गया है। चिंताजनक बात यह है कि संक्रमितों में एक 4 महीने का शिशु भी शामिल है। हालात को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने सभी अस्पतालों को सतर्क कर दिया है और कोरोना से निपटने के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं।
राजस्थान में भी लौटा कोरोना
देशभर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ती नजर आ रही है और अब राजस्थान भी इसकी चपेट में आ गया है। राज्य में बीते कुछ दिनों में कोविड-19 के कुल 7 नए मामले सामने आए हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। इन मामलों में जोधपुर से भी संक्रमण की पुष्टि हुई है, जहां एक नवजात शिशु समेत कई मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।




