नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । देशभर में कोविड-19 के मामले फिर से बढ़ने लगे हैं। महाराष्ट्र, झारखंड, राजस्थान और कर्नाटक जैसे राज्यों ने स्थिति पर कड़ी नजर रखते हुए सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग लोगों से मास्क पहनने, हाथ धोने और सोशल डिस्टेंसिंग का सख्ती से पालन करने का आग्रह कर रहे हैं। हालांकि सरकारों का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सावधानी बरतने के लिए सभी स्तरों पर कदम उठाए जा रहे हैं।
महाराष्ट्र के सार्वजनिक स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी हालिया रिपोर्ट के अनुसार, 25 मई 2025 को राज्य में 43 नए कोविड संक्रमित मरीज पाए गए, जिनमें से 35 केवल मुंबई शहर से हैं। इस साल जनवरी से अब तक कुल 478 मामलों की पुष्टि हुई है, जिनमें से 300 मरीज पूरी तरह ठीक हो चुके हैं। वर्तमान में राज्य में 209 सक्रिय केस मौजूद हैं। विभाग ने लोगों से कोविड के लक्षणों को पहचानने और समय पर इलाज शुरू करने की सलाह दी है, साथ ही किसी भी तरह की घबराहट से बचने को कहा है।
झारखंड में मुंबई से लौटे मरीज में कोविड संक्रमण की पुष्टि, जारी की गई SOP
झारखंड की राजधानी रांची में कोरोना का एक नया मामला सामने आया है। यह मरीज प्रसिद्ध फिल्म समीक्षक लाल विजय शाहदेव हैं, जो हाल ही में मुंबई से लौटे थे। उनकी तबीयत फ्लाइट में बिगड़ने पर उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य सरकार पूरी तरह चौकस है और केंद्र सरकार की ओर से जारी गाइडलाइंस का इंतजार कर रही है। उन्होंने जनता से आग्रह किया है कि वे भीड़भाड़ वाली जगहों पर मास्क पहनें और सावधानी बरतें क्योंकि सतर्कता ही सुरक्षा है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि यह संक्रमण बाहर से आया है और फिलहाल झारखंड में किसी बड़े खतरे की संभावना नहीं है। राज्य सरकार ने संक्रमण नियंत्रण के लिए SOP भी जारी कर दिया है।
राजस्थान में तीन नए कोविड मामले, दो महीने की बच्ची भी संक्रमित
राजस्थान में आज तीन नए कोरोना पॉजिटिव केस दर्ज किए गए हैं। AIIMS जोधपुर में दो महीने की एक बच्ची में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई है। वहीं, RNT मेडिकल कॉलेज उदयपुर में 27 वर्षीय एक पुरुष की रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव आई है। इसके अलावा, जयपुर के Eternal अस्पताल में 68 वर्षीय एक बुजुर्ग मरीज में भी कोविड पाया गया है। राज्य में जनवरी 2025 से अब तक कुल 15 कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं, जिनमें से किसी की मौत नहीं हुई है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अधिकांश मरीजों की हालत स्थिर है और वे स्वस्थ होने की ओर बढ़ रहे हैं।
कर्नाटक में 84 वर्षीय कोविड संक्रमित बुजुर्ग की मौत, सरकार ने बढ़ाई सतर्कता
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री दिनेश गुंडू राव ने बताया कि एक 84 वर्षीय बुजुर्ग की कोविड संक्रमण के कारण मृत्यु हुई है। हालांकि, इस मरीज को पहले से कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं थीं, जिनमें हृदय रोग, टीबी और हिप रिप्लेसमेंट शामिल थे। राज्य में वर्तमान में कुल 38 सक्रिय कोविड केस हैं, जिनमें से 32 मरीज बेंगलुरु में हैं। राज्य सरकार ने परीक्षण बढ़ाने के लिए RT-PCR टेस्टिंग को व्यापक बनाने, SARI और ILI लक्षण वाले मरीजों की जांच अनिवार्य करने और हर सप्ताह तकनीकी सलाहकार समिति की बैठक करने का फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्री राव ने कहा, “स्थिति फिलहाल गंभीर नहीं है, लेकिन सतर्कता आवश्यक है। लॉकडाउन लगाने की कोई योजना नहीं है।”
देश में कोविड-19 के दो नए वेरिएंट्स का पता चला
भारत में कोविड-19 के संक्रमण फिर से बढ़ने लगे हैं। भारतीय SARS-CoV-2 जिनोमिक्स कंसोर्टियम (INSACOG) की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, देश में दो नए वेरिएंट NB.1.8.1 और LF.7 पाए गए हैं। इनमें से NB.1.8.1 का एक मामला अप्रैल महीने में तमिलनाडु से मिला, जबकि LF.7 के चार मामले मई में दर्ज किए गए हैं।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इन दोनों वेरिएंट्स को “Variants Under Monitoring” यानी निगरानी में रखे जाने वाले वेरिएंट्स की सूची में शामिल किया है। फिलहाल इन्हें “Variants of Concern” (VOC) या “Variants of Interest” (VOI) की श्रेणी में नहीं रखा गया है। हालांकि रिपोर्ट्स से यह संकेत मिल रहे हैं कि चीन और एशिया के अन्य देशों में कोविड मामलों की बढ़ोतरी के पीछे ये वेरिएंट्स जिम्मेदार हो सकते हैं।




