नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी और 6 विधायकों के निलंबन के खिलाफ आज जयपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार पर अन्याय और तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक माफी नहीं मिलेगी, तब तक वे लड़ाई जारी रखेंगे।
चांदपोल पर कांग्रेस का प्रदर्शन
जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से चांदपोल के संजय सर्किल पर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीजेपी सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और इंदिरा गांधी पर की गई टिप्पणी को लेकर कड़ी आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश को आत्मनिर्भर बनाया और उनके खिलाफ गलत बयानबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आर. आर. तिवाड़ी ने कहा कि बीजेपी सरकार सदन में भी भगवाकरण कर रही है। उन्होंने कहा कि जब इंदिरा गांधी देश की प्रधानमंत्री थीं, तब बीजेपी नेताओं का जन्म भी नहीं हुआ था, फिर भी वे उनके खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणियां कर रहे हैं। तिवाड़ी ने साफ कहा कि कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और इसके खिलाफ सड़क से सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।
सदन से सड़क तक कांग्रेस का प्रदर्शन
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि जब कांग्रेस नेता गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आपत्तिजनक शब्दों को वापस लेने की मांग की, तो उन्हें ही सदन से निकाल दिया गया। कांग्रेस प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने कहा कि यह अन्याय है और बीजेपी सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि जब तक बीजेपी अपनी टिप्पणी के लिए माफी नहीं मांगती, तब तक कांग्रेस आंदोलन जारी रखेगी। जयपुर के साथ-साथ प्रदेशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता इस मुद्दे पर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वे चुप नहीं बैठेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेंगे।





