नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। देश के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की आज पहली पुण्यतिथि है। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस ने डॉ. मनमोहन सिंह को ईमानदारी, विनम्रता और दूरदर्शी सोच वाला नेता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व ने भारत की अर्थव्यवस्था और लोकतंत्र को मजबूती दी। डॉ. मनमोहन सिंह का निधन 26 दिसंबर 2024 को दिल्ली में हुआ था। वे लंबे समय से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। 28 दिसंबर 2024 को दिल्ली के निगमबोध घाट में उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया था।
कांग्रेस बोली- देश को दी मजबूत दिशा
कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कहा कि आज हम ऐसे प्रधानमंत्री को याद कर रहे हैं, जिन्होंने निस्वार्थ भाव से देश की सेवा की। पार्टी ने कहा कि मनमोहन सिंह का कार्यकाल सुधारों, स्थिरता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने वाला रहा। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने देश को आर्थिक संकट से बाहर निकाला और एक दशक तक प्रधानमंत्री रहते हुए मजबूत नेतृत्व दिया। शिवकुमार ने कहा कि उनके कार्यकाल में 2005 का सूचना का अधिकार (RTI) कानून लागू हुआ, जिससे पारदर्शिता बढ़ी। इसके अलावा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के जरिए काम की गरिमा को मजबूत किया गया।
सुधार और संवेदना का संतुलन
डीके शिवकुमार ने कहा कि मनमोहन सिंह के नेतृत्व में सुधार, करुणा और जिम्मेदारी के बीच संतुलन देखने को मिला। भारत उन्हें ऐसे नेता के रूप में याद करता है, जिन्होंने हमेशा राष्ट्र और संस्थाओं को राजनीति से ऊपर रखा। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि आज आर्थिक सुधारों के वास्तुकार और विश्व प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह की पुण्यतिथि है। इस अवसर पर उन्होंने उनकी स्मृति को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस समेत कई नेताओं ने डॉ. मनमोहन सिंह को याद करते हुए कहा कि उनका योगदान देश की राजनीति और अर्थव्यवस्था में हमेशा अमिट रहेगा।




