नई दिल्ली, रफ्तार न्यूजः उत्तर प्रदेश की सीतापुर लोकसभा सीट से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर के एक पत्र ने पार्टी में मुश्किलें खड़ी कर दी हैं। राठौर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि उनके साथी संजय दीक्षित ने उनके साथ जातिगत भेदभाव किया और उन्हें अपमानित भी किया है।
राठौर ने पत्र में उल्लेख किया है कि वह समाज के सबसे पिछड़े वर्ग से आते हैं और उन्होंने बीजेपी को उसके ‘सवर्ण मानसिकता’ के कारण छोड़ दिया था। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा के सामाजिक न्याय के एजेंडे के चलते ही उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था। ओबीसी समुदाय से आने वाले राठौर ने कहा कि वंचित वर्ग के लोग राजनीति में इसलिए आते हैं ताकि वे अपने समुदाय के लिए सम्मान पा सकें। अगर एक निर्वाचित सांसद के साथ ऐसा बर्ताव हो सकता है, तो दलित, ओबीसी और मुस्लिम समुदाय के अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कैसा व्यवहार हो रहा होगा? जब इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय से पूछा गया तो उन्होंने इसे एक ‘छोटी घटना’ बताते हुए कहा कि उन्हें अभी तक इस मामले में कोई शिकायत नहीं मिली है। यह मामला राष्ट्रीय अध्यक्ष के समक्ष है, इसलिए निर्णय वही लेंगे।
सांसद राठौर ने आरोप लगाया कि 6 जुलाई को संजय दीक्षित ने उन्हें धक्का दिया और अपमानित किया। संजय दीक्षित उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वार रूम में काम करते हैं। राठौर के अनुसार, वह प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के साथ कांग्रेस के दफ्तर गए थे, जहां संजय दीक्षित ने उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने का प्रयास किया और अपमानित किया।
इस पर संजय दीक्षित का कहना है कि राकेश राठौर ने स्थिति को गलत समझा है। उन्होंने बताया कि जिस कार्यक्रम में वह गए थे, वहां के एनजीओ की मैनेजर अजय राय और उनके साथ आए नेताओं से मिलकर खुश थीं और उन्होंने हमसे अपने दफ्तर में मिलने का अनुरोध किया था। जब राठौर वहां जाने की कोशिश कर रहे थे, तो मैंने उन्हें रोका, जिसके बाद उन्होंने मेरे खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। दीक्षित का यह भी कहना है कि उनकी पार्टी में पहले भी वापसी हो चुकी है। पार्टी ने पहले उन पर अनुशासनहीनता के आरोप में कार्रवाई की थी जब उन्होंने बसपा के पूर्व नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी के कांग्रेस में शामिल होने का विरोध किया था। पार्टी द्वारा जारी कारण बताओ नोटिस के जवाब को दीक्षित ने सार्वजनिक कर दिया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://www.raftaar.in





