नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क। दिल्ली-एनसीआर सहित देश के अधिकतर हिस्सों में इस समय शीत लहर का प्रकोप जारी है। इन क्षेत्रों में कड़ाके की ठंड के साथ-साथ घना कोहरा छाया है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि दिल्ली के अधिकतर हिस्सों में मंगलवार को मध्यम कोहरा रहेगा, जबकि कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है। वहीं, IMD ने 11 और 12 जनवरी को बारिश और गरज के साथ छींटे पड़ने का अनुमान लगाया है। राष्ट्रीय राजधानी में हवा की गुणवत्ता में भी सुधार नहीं हुआ है। इस सप्ताह लगातार दूसरे दिन दिल्ली की वायु गुणवत्ता ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, मंगलवार को सुबह 6 बजे AQI 310 दर्ज किया गया।
भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं, 8 और 9 जनवरी को अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। कुछ स्थानों पर घना कोहरा छाया रह सकता है। जबकि 11 और 12 जनवरी को हल्की बूंदाबांदी होने के आसार हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। बता दें कि सोमवार की सुबह दिल्ली में खराब मौसम और शीतलहर की स्थिति रही, साथ ही तापमान में गिरावट और सर्द हवाएं भी चलीं। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में हल्की बारिश भी हुई।
घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने आज मंगलवार को घने कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 19 और 8 डिग्री रहेगा। दिल्ली में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 से 19 डिग्री सेल्सियस और 9 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच है।
दिल्ली में AQI
आनंद विहार (394), अशोक विहार (343), बवाना (329), बुराड़ी क्रॉसिंग (307), जहांगीरपुरी (359), मुंडका (323), नरेला (323), पटपड़गंज (364), पंजाबी बाग (332), पूसा (301), रोहिणी (335), आर के पुरम (327), जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम (299), नजफगढ़ (284)।
ऐसा रहेगा अन्य राज्यों के मौसम का हाल
देश के अन्य राज्यों की बात करें तो मंगलवार को पंजाब के अधिकांश इलाकों में घना कोहरा छाया रहेगा। हालांकि इस दौरान शीतलहर चल सकती है। पंजाब में 8-9 जनवरी तक मौसम में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा और शीत लहर का प्रभाव जारी रहेगा। जबकि उत्तर प्रदेश के लखनऊ समेत कई जिलों में अगले चार दिनों तक घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं, लखनऊ में 10 जनवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाया रहेगा। जबकि बिहार में आज पूरे राज्य के लिए मौसम विभाग ने ठंड का येलो अलर्ट जारी किया है। 7-8 जनवरी को बिहार के अधिकांश इलाकों में तेज हवाएं चलने का अनुमान है। इसी के साथ आगामी 48 घंटों के दौरान पटना, नालंदा, शेखपुरा, गया, लखीसराय, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर और भागलपुर जैसे जिलों में घना कोहरा छाये रहने की संभावना है।





