नई दिल्ली/ रफ्तार डेस्क । देशभर में ठंड का असर फिलहाल कम होता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार को उत्तर भारत के कई हिस्सों में भीषण सर्दी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। दिल्ली सहित कई इलाकों में सुबह के वक्त घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की गई है। उत्तराखंड, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम और राजधानी दिल्ली में ठंड का असर इतना ज्यादा हो सकता है कि कोल्ड डे जैसी परिस्थितियां बनें।
कई राज्यों में शीतलहर का असर तेज, तापमान में भारी गिरावट
मौसम विभाग की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक देश के कई हिस्सों में सर्दी अपने चरम पर पहुंच गई है। उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा, असम, मेघालय, त्रिपुरा, मिजोरम, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में न्यूनतम तापमान 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम तापमान छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 3.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और आसपास के पहाड़ी इलाकों में भीषण ठंड का असर देखा जा रहा है, जहां अधिकांश स्थानों पर तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इन परिस्थितियों के चलते संबंधित राज्यों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बने रहने की संभावना जताई गई है।
सुबह के वक्त कम विजिबिलिटी, घने कोहरे का अलर्ट
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 से 10 जनवरी के बीच देश के कई हिस्सों में कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। पूर्वी राजस्थान, बिहार, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना से बेहद घना कोहरा छाने की आशंका जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के राज्य असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 12 जनवरी तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है, जिससे आवागमन प्रभावित होने की संभावना है।
दक्षिण भारत के इन इलाकों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार 8 से 11 जनवरी के बीच तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। वहीं 10 जनवरी को केरल और माहे में कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। इस दौरान मौसम अचानक बिगड़ सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजधानी में कोहरे का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में ठंड का असर लगातार तेज बना हुआ है। मौसम विभाग ने गुरुवार, 8 जनवरी को लेकर राजधानी के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है, जिससे दृश्यता काफी कम रहने की आशंका है। मौसम विभाग के मुताबिक न्यूनतम तापमान करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है, जबकि दिन का अधिकतम तापमान लगभग 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सुबह के वक्त सतही हवाएं पश्चिम दिशा से चलेंगी और इनकी रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। वहीं दोपहर बाद हवा की दिशा उत्तर-पश्चिम हो जाएगी और गति बढ़कर लगभग 16 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
https://www.whatsapp.com/channel/0029VaffUM7I7Be7ERRVfL2L





