नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आज बुधवार को ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (Uttar Pradesh International Tradeshow) के द्वितीय संस्करण का आगाज़ होगा। इस ट्रेड शो का उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) और देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ शुभारंभ करेंगे। जिसको लेकर ग्रेटर नोएडा के चप्पे चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है। इस इंटरनेशनल ट्रेड शो का मुख्य उद्वेश्य सूबे के छोटे उद्यमियों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराना है।
10.30 पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे सीएम योगी
उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो के उद्घाटन को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath) आज सुबह 10.30 मिनट पर गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री यहां पर कुछ देर आराम करने के बाद 11.40 पर इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट पहुंचेंगे। वहीं 11.40 पर उपराष्ट्रपति पहुंचेंगे। जिसके बाद दोनों 12 बजे दोपहर में इस ट्रेड शो का शुभारंभ करेंगे।
वियतनाम बना है भागीदार देश
जानकारी के मुताबिक इस बार के ट्रेड शो में वियतनाम देश भागीदार बना है। ट्रेड शो में दर्शकों को वियतनाम की संस्कृति, खानपान के अलावा वियतनाम के व्यापारियों से मुलाकात का मौका मिलेगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के ODOP खादी एवं ग्रामोद्योग, ग्राम्य विकास, संस्कृति एवं सूचना विभाग भी प्रदर्शनियों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को दिखाएगा।
विभिन्न कार्यक्रमों का होगा आयोजन
इस 5 दिनों के ट्रेड शो में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें बॉलीवुड के संगीतकारों से लेकर क्लासिकल डांस व संगीत का भी कार्यक्रम भी शामिल है। इसके अलावा वियतनाम के कलाकार भी अपनी प्रस्तुति देंगे।
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी भी करेंगे समारोह में शिरकत
ट्रेड शो में केंद्रीय MSME मंत्री जीतन राम मांझी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, प्रदेश के औद्योगिक विकास नंद गोपाल नंदी आदि शिरकत करेंगे। इसके अलावा वियतनाम के राजदूत गुयेन थान्ह भी समारोह में आएंगे।




