नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधा। उन्होंने मंच से स्पष्ट तौर पर कहा कि रवि किशन ने गोरखपुर के रामगढ़ ताल क्षेत्र में एक नाले के ऊपर अपना मकान बनवा लिया है। सीएम योगी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा, “हमने पहले ही कहा था कि जल निकासी के रास्ते पर कोई भी निर्माण न हो, वरना असुविधा होगी। अब तो मशीनें इतनी स्मार्ट हो गई हैं कि ये खुद बता देती हैं कि नाला कहां है, और किसने उस पर कब्जा किया है।
‘नाले पर मकान बनाएंगे तो लोगों को होगी दिक्कत’
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि नाले के ऊपर घर बनाना लोगों की परेशानी का कारण बन सकता है। उन्होंने रवि किशन का नाम लेकर कहा, “रामगढ़ ताल में रवि किशन का मकान नाले पर बना हुआ है। ये ठीक नहीं है।” योगी ने लोगों को भी आगाह करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण भविष्य में बड़ी मुसीबत खड़ी कर सकता है।
‘अब शहर मच्छरों और माफियाओं से नहीं, स्वच्छता से पहचाना जाता है गोरखपुर’
अपने संबोधन में CM योगी ने गोरखपुर शहर की बदली पहचान पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा, “पहले गोरखपुर मच्छरों, माफियाओं और गंदगी के लिए बदनाम था। अब यह स्वच्छता और विकास का प्रतीक बन रहा है।” उन्होंने सड़क चौड़ीकरण, ड्रेनेज और अन्य सार्वजनिक निर्माण कार्यों में स्थानीय नागरिकों के सहयोग की जमकर तारीफ की। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री मोदी के 2047 विकसित भारत के विजन का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गोरखपुर जैसे शहरों का इसमें बड़ा योगदान हो सकता है। उन्होंने नागरिक सहभागिता, तकनीक, स्वच्छता और स्वास्थ्य को विकास की चार प्रमुख दिशा बताया। मुख्यमंत्री ने नागरिकों के व्यवहार पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा, “कालीबाड़ी के बाबा और रवि किशन अगर साथ चल रहे हैं, और केला खाकर उसका छिलका सड़क पर फेंक दिया तो अब कैमरे में आ जाएगा। आदतें बदलनी होंगी।





