नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। कारगिल विजय दिवस के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीर जवानों को श्रद्धांजलि देते हुए एक बड़ा ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि अब अग्निवीरों को यूपी पुलिस और पीएसी की भर्ती में 20 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। इससे पहले भी योगी सरकार अग्निवीरों के लिए आरक्षण की बात कर चुकी है, लेकिन अब इसे औपचारिक रूप से कारगिल दिवस पर लागू करने की घोषणा की गई।
वीर जवानों को श्रद्धांजलि
CM योगी ने लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में शहीद हुए जवानों को याद करते हुए कहा, देश उनके शौर्य और बलिदान को हमेशा याद रखेगा। उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर किए और देश की अखंडता को बनाए रखा। हम सभी उन्हें नमन करते हैं।
‘पाकिस्तान ने थोपा था युद्ध, भारतीय सेना ने दिया मुंहतोड़ जवाब’
CM योगी ने कहा कि कारगिल युद्ध पाकिस्तान ने भारत पर थोपा था, लेकिन भारतीय सेना ने बहादुरी से उसका जवाब दिया। कारगिल जैसे दुर्गम और माइनस 50 डिग्री तापमान वाले क्षेत्र में भी हमारे जवान डटे रहे और पाक सैनिकों को खदेड़ दिया। उन्होंने यह भी बताया कि युद्ध के दौरान जब तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ अमेरिका गए और दबाव बनाने की कोशिश की गई, तो प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने साफ कहा था कि भारत किसी भी कीमत पर नहीं झुकेगा।
तीर्थ यात्रियों को बनाता है निशाना पाकिस्तान
सीएम योगी ने पाकिस्तान पर तीर्थ यात्रियों को निशाना बनाने का आरोप लगाते हुए कहा, भारत अब एक नई शक्ति बनकर उभर रहा है। Operation Sindoor के तहत हमारी सेना ने 22 मिनट में आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया। उन्होंने देश को चेताते हुए कहा कि जो लोग भारत को कमजोर करना चाहते हैं, वे दरअसल भारत के दुश्मनों और घुसपैठियों के समर्थक हैं। ऐसे लोग भारत को आपस में बांटकर दुश्मनों को ताकतवर बना रहे हैं। इससे हमें बचना होगा और एकजुट रहकर देश को सशक्त बनाना होगा। कारगिल विजय दिवस पर सीएम योगी का यह ऐलान न केवल अग्निवीरों के मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि युवाओं को सेना के बाद नागरिक सेवा में भी अवसर प्रदान करेगा। साथ ही, देश की सुरक्षा को लेकर उनका सख्त संदेश भी साफ है, भारत अब झुकेगा नहीं, बल्कि मजबूती से आगे बढ़ेगा।




