नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों द्वारा फीस बढ़ाए का मामला गरमाया हुआ है। बीते कुछ दिनों से सियासी दल इस मुद्दे पर लगातार बयान दे रहे हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) लगातार इस मसले को लेकर दिल्ली सरकार को घेरती आई है। पार्टी का आरोप है कि भाजपा सरकार के आते ही प्राइवेट स्कूल मनमाने ढंग से फीस बढ़ा रहे हैं। वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस मुद्दे पर सख्त हैं। सीएम रेखा गुप्ता ने प्राइवेट स्कूलो को सख्त चेतावनी दे दी है। इतना ही नहीं उन्हें नोटिस भेजने की बात भी की है।
सीएम रेखा गुप्ता ने प्राइवेट स्कूल को चेतावनी देते हुए कहा है कि कोई भी प्राइवेट स्कूल फीस बढ़ाता है तो उन्हें कानूनी नोटिस भेजा जाएगा। उन्हें अपनी जवाबदेही तय करनी होगी। अगर उसके बावजूद भी स्कूल फीस बढ़ाते हैं तो फिर इसका नतीज उन्हें भुगतना होगा। इतनी ही नहीं इसके अलावा, सीएम रेखा गुप्ता एक स्कूल पर कार्रवाई की तैयारी में भी हैं।
स्कूलों पर सख्त कार्रवाई के आदेश
आज कुछ बच्चों के अभिभावक सीएम रेखा गुप्ता के पास प्राइवेट स्कूल द्वारा फीस बढ़ाने की शिकायत लेकर पहुंचे थे। जिसके बाद मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारी को फोन कर कार्रवाई करने के आदेश दिए। यह जानकारी सीएम रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स के माध्यम से दी है। उन्होने अपने पोस्ट में लिखा, आज जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान क्वीन मैरी स्कूल, मॉडल टाउन से संबंधित एक मामला सामने आया, जिसमें बच्चों के परिजनों ने गलत तरीके से फीस वसूली और बच्चों को स्कूल से निकाले जाने की शिकायत दर्ज की।
‘जीरो टालरेंस की नीति अपनाई जाएगी’
उन्होंने आगे कहा, इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। दिल्ली सरकार शिक्षा के क्षेत्र में पारदर्शिता, समान अवसर और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। किसी भी प्रकार का अन्याय, शोषण या अनियमितता को लेकर Zero Tolerance की नीति अपनाई गई है—इसमें कोई ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। हमारा संकल्प स्पष्ट है—हर बच्चे को न्याय, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए।





