नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी दिल्ली में शुक्रवार सुबह बेमौसम बारिश के बाद जहां गर्मी से राहत मिली, वहीं दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव और सड़कों पर जाम की समस्या देखने को मिली। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि जलभराव की समस्या को पिछली सरकार से विरासत में मिली एक बीमारी है, जिसका इलाज किया जाएगा।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मीडिया से कहा कि राजधानी को जो समस्याएं पिछली सरकार से विरासत में मिली हैं, उनका समाधान एक दिन में संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वे स्वयं उन इलाकों का दौरा कर रही हैं, जहां आम लोग ट्रैफिक जाम जैसी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि सरकार हालात सुधारने के लिए पूरी तरह सक्रिय है। अधिकारी काम में जुटे हैं और प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत की जा रही है। सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि समय के साथ हर अव्यवस्था को दुरुस्त किया जायेगा।
“मैं अधिकारियों के साथ खुद ग्राउंड पर मौजूद हूं”
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि “आज बारिश के कारण हुए जलभराव का मजनू का टीला सहित दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में स्थिति का निरीक्षण किया। इस समस्या के निवारण के लिए मैं संबंधित अधिकारियों के साथ स्वयं ग्राउंड पर मौजूद हूं। सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पूरी दिल्ली में जहां-जहां जलभराव हैं, स्थानों को चिंहित कर, समाधान सुनिश्चित करें।”
प्रवेश वर्मा ने भी लिया हालात का जायजा
दिल्ली में हुई बारिश के बाद राजधानी के हालात का जायजा लेने के लिए दिल्ली सरकार में मंत्री और नई दिल्ली से विधायक प्रवेश वर्मा भी सड़क पर उतरे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि सुबह 5:30 बजे से ही उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया और जलभराव की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री वर्मा ने बताया कि मिंटो ब्रिज पर चारों पंप चालू स्थिति में थे और ऑपरेटर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा था। हालांकि, एक पाइप फट गया था, जिसे तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए नालों की सफाई का कार्य लगातार चल रहा है, जिसमें PWD, MCD, DJB, NDMC और IFC जैसी एजेंसियां जुटी हुई हैं।





