नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । मध्य प्रदेश के खंडवा में जश्ने ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान कथित रूप से आपत्तिजनक गाने और झंडों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। इस मामले की शिकायत लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता शुक्रवार रात खंडवा कोतवाली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मिलादुन्नबी के जुलूस के दौरान पाकिस्तान सेना से जुड़ा गीत बजाया गया और साथ ही कुछ आपत्तिजनक झंडे भी लहराए गए। इसे लेकर उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि, इस मामले में तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। हिंदू संगठनों की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का मामला दर्ज किया है। शुक्रवार रात खंडवा कोतवाली थाने पर हिंदू जागरण मंच समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए पहुंचे और सख्त कदम उठाने की मांग की।
धारा 299, 223 BNS के तहत केस दर्ज
हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक माधव झा ने बताया कि शुक्रवार को शहर में निकाले गए ईद मिलादुन्नबी जुलूस के दौरान एक ऐसा गीत बजाया गया, जो पाकिस्तानी सेना से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा, जुलूस में आपत्तिजनक झंडे भी फहराए गए, जिसे लेकर आपत्ति जताई गई है।
प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान लिया है। हिंदू संगठन की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए धारा 299 और 223 (BNS) के तहत केस दर्ज कर लिया है। अब इस मामले की विस्तृत जांच जारी है।
धार्मिक भावनाएं आहत करने आरोप
मिलादुन्नबी जुलूस में दो-तीन अज्ञात आरोपियों ने भगवा झंडे पर काले रंग से “इस्लाम जिंदाबाद” लिखकर सार्वजनिक स्थानों पर लहराया। इस घटना से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं और पुलिस ने मामला दर्ज किया।
जांच के बाद होगी कार्रवाई
इस मामले में खंडवा सीएसपी अभिनव बारंगे ने कहा कि, हिंदू संगठनों का ज्ञापन मिला है। मामले की जांच चल रही है, सभी पक्षों से पूछताछ की जा रही है। विषय की जांच के उपरांत आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अनियंत्रित स्थिति न बने, इसके लिए प्रशासन सख़्त निगरानी रखे हुए है।





