नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। आंध्र प्रदेश में विधानसभा चुनाव के बाद आज नई सरकार का गठन हो गया है। तेलूगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू ने आज राज्य में चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली हैं। 74 वर्षीय नायडू को आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस अब्दुल नजीर ने कृष्णा जिले में केसरपल्ली आईटी पार्क में पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। नायडू के शपथ समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के साथ-साथ कई अन्य नेता शामिल रहे।
नायडू के साथ 25 विधायकों ने ली मंत्री पद की शपथ
नायडू के अलावा इस शपथ समारोह पवन कल्याण समेत 25 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ पवन कल्याण आंध्र प्रदेश की नई सरकार में डिप्टी सीएम का भी पद संभालेंगे। शपथ ग्रहण करने के बाद पीएम मोदी ने गुलदस्ता देकर चंद्रबाबू नायडू को सीएम बनने की बधाई दी और फिर दोनों एक-दूसरे के गले मिले। इसके साथ टीडीपी के राष्ट्रीय महासचिव नारा लोकेश ने आंध्र प्रदेश सरकार में मंत्री पद की शपथ ली।
ये विधायक बने मंत्री
नायडू के साथ उनके सरकार में किंजरापु अचेन नायडू, कोल्लू रवींद्र, नाडेंडला मनोहर, पी नारायण, वांगलापुडी अनिता, सत्य कुमार यादव, डॉ. निम्मला राम नायडू, एनएम फारूक, अनम रामनारायण रेड्डी, पय्यावुला केशव, अनागनी सत्य प्रसाद, कोलुसु पार्थसारधि ने शपथ ग्रहण की। उनके साथ ही डॉ. डोला बालवीरंजनेय स्वामी, गोत्तीपति रवि कुमार, कंडुला दुर्गेश, गुम्मदी संध्यारानी, बीसी जर्नादन रेड्डी, टीजी भरत, एस सविता, वासमसेट्टी सुभाष, कोंडापल्ली श्रीनिवास और मंडिपल्ली राम प्रसाद रेड्डी भी मंत्री पद की शपथ ली। नायडू ने मंत्रिमंडल में जन सेना पार्टी के तीन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक मंत्री को जगह दी है।
नायडू के शपथ समारोह में ये नेता हुए शामिल
चंद्रबाबू नायडू के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले, अनुप्रिया पटेल और चिराग पासवान के साथ महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे, एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल और पूर्व उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, के साथ अन्य केंद्रीय मंत्री, एनडीए सहयोगी दलों के नेता और कुछ राज्यों के मुख्यमंत्री भी मौजूद रहें। नायडू ने मंगलवार देर रात अमरावती में अपने आवास पर अमित शाह और जेपी नड्डा के साथ बैठक के बाद अपने मंत्रिपरिषद को अंतिम रूप दिया था।
खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





