नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 21 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में हुई 26 वर्षीय निक्की भाटी की मौत का मामला लगातार नए-नए खुलासों के साथ उभर रहा है। शुरूआत में दहेज हत्या का शक जताया गया था, लेकिन अब पुलिस जांच ने कई अनसुलझे सवाल खड़े कर दिए हैं। अस्पताल के मेमो, CCTV फुटेज और परिवार के बयानों से इस हत्याकांड की गुत्थी और पेचीदा होती जा रही है। जहां अब नया खुलासा होने से मामला और उलझता नजर आ रहा है। आइए जानते है इन दस तथ्यों के जरिए ।
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में 26 वर्षीय निक्की भाटी की मौत का मामला अब एक साधारण दहेज हत्या का केस नहीं रह गया है। 21 अगस्त को हुई इस चौंकाने वाली घटना में जहां शुरू में आरोप था कि निक्की को उसके पति और ससुराल वालों ने जला दिया, अब वहीं मामला नए सबूतों के सामने आने के बाद रहस्यमयी मोड़ लेता जा रहा है। पुलिस की शुरुआती जांच के आधार पर पति विपिन भाटी, सास, ससुर और जेठ को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। लेकिन अब जो सबूत सामने आ रहे हैं, वो कहानी कुछ और ही बयां कर रहे हैं।
अस्पताल का मेमो
घटना के तुरंत बाद अस्पताल द्वारा जारी किया गया एक महत्वपूर्ण मेमो अब जांच का केंद्र बन चुका है। इसमें समय, हालात और निक्की की स्थिति को लेकर कई नई बातें सामने आ रही हैं। पति विपिन भाटी का सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें वह घटना के आसपास की टाइमिंग में किसी और जगह दिखाई दे रहा है। इससे उसके मौजूद न होने का दावा भी शक के घेरे में है। गांववालों और आसपास के लोगों के बयानों में विरोधाभास है। कोई कहता है हादसा हुआ, तो कोई इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है।अब सवाल ये है कि निक्की खुद जली, उसे जलाया गया, या फिर ये एक भयावह दुर्घटना थी? पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच की दिशा अब केवल दहेज प्रताड़ना की नहीं, बल्कि संभावित साजिश, सबूत मिटाने और घटनास्थल को बदलने जैसे एंगल की ओर बढ़ रही है।
1. घटना का CCTV फुटेज वायरल
निक्की के घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में एक युवक कार के पीछे खड़ा है, जो बाद में तेज़ी से भागता और लौटकर घर की ओर बढ़ता दिख रहा है। स्थानीय लोगों ने युवक को निक्की के पति विपिन भाटी बताया है। इसी दौरान आसपास के लोग और महिलाएं घबराए हुए नजर आ रहे हैं, जो घटना के समय का एक अहम सबूत माना जा रहा है।
2. पुलिस की जांच में खुलासे
पुलिस ने कहा है कि वीडियो उनकी जांच का अहम हिस्सा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच के बाद ही कोई निष्कर्ष निकाला जाएगा। फिलहाल, पति विपिन, ससुर सतवीर, सास दया और जेठ रोहित को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
3. गैस सिलेंडर फटने का अस्पताल मेमो
निक्की को अस्पताल में भर्ती कराने वाले मेमो में लिखा गया है कि ‘घर पर गैस सिलेंडर फटने से निक्की गंभीर रूप से झुलस गई।’ इस बात से मामला और पेचीदा हो गया है क्योंकि परिवार ने इसे हत्या का प्रयास बताया है।
4. परिजनों का आरोप: दहेज के लिए प्रताड़ना
निक्की के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उसे दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। पहले उसे गाड़ी, बाइक और गहने दिए गए, लेकिन बाद में 36 लाख रुपये और लग्जरी कार के लिए दबाव बनाया गया।
5. बहन कंचन के तीखे आरोप
निक्की की बहन कंचन ने पुलिस में शिकायत की कि शादी बिना दहेज के हुई थी, लेकिन ससुराल वालों ने जानबूझकर आग लगाई। उन्होंने कहा, ‘मेरी सास ने ज्वलनशील पदार्थ दिया और विपिन ने मेरी बहन पर डाल दिया। विरोध करने पर मुझे भी पीटा गया।’
6. पति विपिन की संदिग्ध हरकतें
सीसीटीवी फुटेज में विपिन का अचानक भागना और वापस आकर भाग जाना संदिग्ध माना जा रहा है। विपिन ने पुलिस हिरासत से भागने की कोशिश भी की, जिसमें पैर में गोली लग गई।
7. अस्पताल में निक्की की हालत
निक्की को गंभीर हालत में ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल में उसने पानी मांगा और घुटन की शिकायत की।
8. पति के फुफेरे भाई देवेंद्र का बयान
विपिन के फुफेरे भाई देवेंद्र ने बताया कि विपिन और उसके पिता घटना के समय दुकान पर थे, लेकिन विपिन अचानक घर की ओर दौड़ा और जल्दी वापस लौट आया।
9. निक्की के पिता की न्याय की मांग
निक्की के पिता भिखारी सिंह ने कहा कि आरोपी परिवार को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई और बुलडोजर चलाने व फांसी की मांग की।
10. सोशल मीडिया की अफवाहों को खारिज
भिखारी सिंह ने सोशल मीडिया पर चल रहे आरोपों को भी खारिज किया और कहा कि उनकी बेटियों की सोशल मीडिया एक्टिविटी हत्या का कारण नहीं हो सकती। निक्की भाटी हत्याकांड अब सिर्फ एक दहेज हत्या से कहीं अधिक जटिल होता जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज, अस्पताल के दस्तावेज और परिवार के बयानों के आधार पर पुलिस गहन जांच कर रही है। जनता और परिवार न्याय की मांग कर रहे हैं, ताकि इस भयावह घटना का सच सबके सामने आ सके।





