नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। गुजरात के गांधीनगर जिले के देहगाम तालुका में प्रशासन ने आज सुबह बड़ा कदम उठाया है। बहियाल गांव में गरबा के दौरान हुई हिंसा के आरोपियों के खिलाफ बुलडोजर एक्शन शुरू किया गया है। जिला प्रशासन ने गांव में 186 अवैध निर्माणों की पहचान की थी, जिनमें से कई उन लोगों के हैं जो नवरात्रि के दौरान हुए उपद्रव में शामिल पाए गए थे।
सुबह-सुबह चला बुलडोजर, 18 मीटर तक साफ होगा रास्ता
डिप्टी इंजीनियर अक्षय पटेल ने जानकारी दी कि आर एंड बी विभाग की जमीन पर 135 से अधिक अतिक्रमण पाए गए हैं, इनमें स्थायी और अस्थायी दोनों तरह की संरचनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया, सड़क पर 18 मीटर का राइट ऑफ वे (ROW) है. आज पूरे 18 मीटर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कर दिया जाएगा। प्रशासन ने जिन लोगों को नोटिस दिया था, उनमें ज्यादातर के पास अवैध तरीके से बनाई गई दुकानें या घर थे।
186 अवैध निर्माणों पर गिरी गाज
बहियाल गांव में प्रशासन ने पहले ही दो दिन का नोटिस जारी किया था. जांच में यह सामने आया कि करीब 70 प्रतिशत निर्माण उन्हीं लोगों के हैं, जो नवरात्रि गरबा हिंसा में शामिल थे. अब इन सभी पर बुलडोजर एक्शन जारी है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांधीनगर के एसपी रवि तेजा वसमशेट्टी खुद अभियान की निगरानी कर रहे हैं। करीब 300 पुलिसकर्मी और जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने कहा कि ध्वस्तीकरण के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था या हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 24 सितंबर की रात बहियाल गांव में गरबा कार्यक्रम चल रहा था, जब एक सोशल मीडिया स्टेटस को लेकर विवाद भड़क गया। देखते ही देखते भीड़ ने गरबा पंडाल पर पथराव शुरू कर दिया और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ कर दी, पुलिस के पहुंचने से पहले ही भीड़ ने कई दुकानों को नुकसान पहुंचा दिया था। CCTV फुटेज में उपद्रवी दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ करते दिखे थे।
60 से 70 आरोपियों की गिरफ्तारी, अब अवैध संपत्ति पर एक्शन
एसपी रवि तेजा वसमशेट्टी ने बताया कि हिंसा के बाद पुलिस ने अब तक 60 से 70 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान पाया गया कि इनमें से कई आरोपियों ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर दुकानों का निर्माण किया था। प्रशासन ने इन्हें नोटिस जारी किया था और अब बुलडोजर चलाकर कब्जा हटाया जा रहा है।
”कानून तोड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा”
अधिकारियों ने साफ कहा है कि यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने के लिए नहीं, बल्कि कानून तोड़ने वालों को सबक सिखाने के लिए भी है। गुजरात सरकार ने सभी जिलों को निर्देश दिया है कि हिंसा या उपद्रव में शामिल किसी भी व्यक्ति को राहत नहीं दी जाएगी। गांधीनगर के बहियाल गांव में जारी बुलडोजर एक्शन ने यह साफ कर दिया है कि सरकार किसी भी हिंसक तत्व को बख्शने के मूड में नहीं है। अब देखना होगा कि इस कार्रवाई के बाद गांव में शांति बहाल होती है या विरोध की नई लहर उठती है।




