नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सभी दल अपनी जीत का दावा करते दिख रहे हैं। हरियाणा में जहां बीजेपी जीत की हैट्रिक लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं कांग्रेस, बीजेपी को रोकने के लिए हर दिन नए जतन कर रही है। इसी को लेकर कल 4 सितंबर को कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने पहलवान आंदोलन के केंद्र रहे बजरंग पुनिया और विनेश फोगाट से मुलाकात की। राजनीतिक खबरें छन कर आ रही हैं कि इस दौरान दोनों को हरियाणा के किसी भी जाट बाहुल्य सीट से मैदान में उतरने का ऑप्शन दिया गया है।
बृजभूषण का बयान सोशल मीडिया पर हुआ वायरल
अब राजनीति के इस शह-मात के खेल में बीजेपी के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह की भी एंट्री हो गई है। बृजभूषण का इसको लेकर दिया गया बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बृजभूषण ने अपने उपर लगे आरोपों को लेकर कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधा है।
मेरे खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने रची थी साजिश
पूर्व WFI अध्यक्ष और बीजेपी नेता बृजभूषण शरण सिंह ने कहा है कि जब मेरे खिलाफ ये आरोप लगाए गए थे तभी मैने बोल दिया था कि यह कांग्रेस की साजिश है। यह दीपेंद्र हुड्डा और भूपेंद्र हुड्डा की साजिश है। मैने पहले ही कहा था आज तो देश भी कह रहा है। मुझे अब इस बारे में कहने की कुछ जरूरत नहीं है।
गोंडा के एक निजी विद्यालय में एक कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे बृजभूषण
गोंडा के एक निजी विद्यालय में आयोजित स्मार्टफोन टैबलेट वितरण कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह पहुंचे हुए थे। इस दौरान पूर्व बीजेपी सांसद सिंह दिल्ली में हुए महिला पहलवान आंदोलन को लेकर हुई चर्चा पर भावुक हो गए। दरअसल मंच पर विधान परिषद सदस्य अवधेश सिंह ने पहलवान आंदोलन को लेकर चर्चा की थी। इस दौरान मंच पर बैठे बृजभूषण शरण सिंह भावुक हो गए। MLC अवधेश सिंह ने पूर्व सांसद पर लगाए आरोपों को फर्जी बताया।
BJP ने आंदोलन को बताया राजनीति से प्रेरित
बता दें कि, हाल ही में विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने राहुल गांधी से मुलाकात की थी। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक विनेश फोगाट को जुलाना और पूनिया को बादली सीट से कांग्रेस चुनावी समर में उतारना चाहती है। वहीं इस खर के बाद बीजेपी ने पहलवानों के आंदोलन को राजनीति से प्रेरित बताया है।
गौरतलब है कि महिला पहलवानों के द्वारा बीजेपी के पूर्व सांसद और तत्कालीन WFI अध्यक्ष पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए थे। इसको लेकर महिला पहलवानों ने दिल्ली में कई दिनों तक धरना भी दिया। पहलवान आंदोलन के दौरान पहलवानों से मिलने कांग्रेस नेता दीपेंद्र हुड्डा सहित कई राजनेता उनसे मिलने पहुंचे। अब विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया की चुनाव लड़ने की चर्चा पर बीजेपी भी हमलावर हो गई है। उसने पहलवानों के धरने को राजनीति से प्रेरित बताया है।




