नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। चंडीगढ़ में पंजाब बीजेपी दफ्तर के बाहर एक धमाके (Chandigarh Blast) की आवाज सुनाई दी है। जिसके बाद बाहर खड़ी गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा है। घटना की जानकारी मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन जारी है। एहतियातन पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। हालांकि एक सुखद बात यह रही कि इस ब्लास्ट के दौरान किसी भी व्यक्ति को जान माल की हानि नहीं हुई है।
बीजेपी दफ्तर के बाहर धमाका, मचा हड़कंप
मिली जानकारी के मुताबिक, यह धमाका बीजेपी के प्रदेश मुख्यालय के बाहर हुआ। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोग दहशत में आ गए। हालांकि शुरुआती जानकारी में किसी बड़े नुकसान या हताहत की पुष्टि नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5:00 बजे कार्यालय के बाहर खड़ी एक स्कूटी में अचानक विस्फोट हो गया। ऐसा बताया जा रहा है कि जिस युवक की एक्टिवा है, वह बीजेपी कार्यालय में ही काम करता है। धमाके की गूंज इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक इसकी आवाज सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस और बम स्क्वॉड मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर आसपास की आवाजाही भी सीमित कर दी है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।
जांच में जुटी एजेंसियां, कारण अभी साफ नहीं
फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है, जिसमें किसी साजिश या संदिग्ध गतिविधि की भी पड़ताल की जा रही है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है ताकि सबूत जुटाए जा सकें।




