नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। 9 फरवरी 2025 का दिन ऐसा रहा जिस दिन देश को 2 राज्यों के मुख्यमंत्री ने इस्तीफ दे दिया था। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार मिलने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने एलजी सचिवालय जाकर इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद शाम को करीब 6:30 बजे मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। अब बीजेपी को जल्द से जल्द दोनों राज्यों के सीएम के चेहरे पर फैसला लेना है। दिल्ली को लेकर चर्चा है कि बीजेपी विधायकों मे से ही किसी महिला को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बना सकती है। जबकि मणिपुर को लेकर भी 10 दिन में फैसला करना है वरना संभव है कि वहां राष्ट्रपति शासन लग जाए।
चौंकाने वाला नाम सामने ला सकती है बीजेपी
दिल्ली विधानसभा चुनाव में 27 साल बाद चुनाव जीतने वाली बीजेपी के खेमे से चर्चा सामने आ रही है कि दिल्ली में बीजेपी विधायकों में से ही किसी को दिल्ली का अगला मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। इस बात की भी चर्चा जोरों से चल रही है कि भाजपा किसी महिला विधायक को ही मुख्यमंत्री बनाने का दांव खेल सकती है। हालांकि प्रवेश वर्मा और मोहन सिंह बिष्ट के नाम भी इस लिस्ट में शामिल हैं जिन्हें संभावित मुख्यमंत्री के रूप में देखा जा रहा है।
10 दिन में मणिपुर CM पर लेना होगा फैसला वरना लगेगा राष्ट्रपति शासन
मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने 9 फरवरी की शाम को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। ऐसे में बीजेपी को दिल्ली के अलावा मणिपुर के लिए भी मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला करना है। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार अगर 10 दिन में मणिपुर के मुख्यमंत्री के चेहरे को सामने नहीं लाया जाता है तो संभव है कि वहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाए। बता दें कि कांग्रेस ने वहां राष्ट्रपति शासन लगाने की सिफारिश की है और साथ ही यह भी कहा है कि मैती और कुकी समुदाय के प्रतिनिधियाों को आमने-सामने बैठा कर सुलह करानी चाहिए।




