नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर इलाके में UPSC की तैयारी कर रहे 3 छात्रों की मौत को लेकर दिल्ली में विरोध प्रदर्शन जारी है। रविवार को दिल्ली सरकार के खिलाफ जहां छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। तो आज सोमवार को दिल्ली बीजेपी की महिला नेताओं ने आज सड़क पर उतरकर अरविंद केजरीवाल सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इन महिलाओं ने हाथ में चूड़ी और थाली बजाकर आप सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद किया।
ये हत्या है- बीजेपी सांसद
आम आदमी पार्टी कार्यालय के बाहर बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन करते हुए कहा कि UPSC के इन छात्रों की मौत किसी दुर्घटना से नहीं हुई है। बल्कि ये हत्या है। दिल्ली से बीजेपी सांसद योगेंद्र चंडोलिया ने कहा कि ये सभी हत्याएं हैं और दिल्ली सरकार इसके लिए जिम्मेदार है। जब से अरविंद केजरीवाल जेल गए हैं तब से दिल्ली की कमान किसी के हाथ में नहीं है। जबकि बाढ़ नियंत्रण और PWD जैसी एजेंसियां दिल्ली सरकार के अंदर आती है। अब सबकुछ बेलगाम है।
बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण 3 छात्रों की मौत
बता दें कि, दिल्ली के ओल्ड राजेंद्र नगर में एक कोचिंग संस्थान के बेसमेंट में पानी भर जाने के कारण 3 छात्रों की मौत हो गई। ये सभी छात्र सिविल सेवा की तैयारी करते थे। मरने वालों में 2 छात्राएं व एक छात्र शामिल हैं। जिसके बाद से करोल बाग इलाके में छात्र प्रदर्शन कर रहे हैं। शनिवार को हुई इस घटना में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के लिए न्याय की मांग करते हुए छात्रों ने राव आईएएस स्टडी के बाहर इकठ्ठा होकर प्रदर्शन किया।
अबतक 7 लोग हो चुके हैं गिरफ्तार
सिविल सेवा के 3 अभ्यर्थियों की मौत के मामले में पुलिस ने अबतक 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी है। गिरफ्तार किए लोगों में बेसमेंट का मालिक भी शामिल है। पुलिस ने राव आईएएस स्टडी सर्किल के मालिक और समन्वयक को रविवार को ही गिरफ्तार कर लिया था।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in





