जयपुर, 24 फरवरी (आईएएनएस)। राजस्थान के भाजपा विधायकों ने बजट पेश करने के बाद अशोक गहलोत सरकार द्वारा राज्य के सभी 200 विधायकों को दिए गए महंगे आईफोन 13 को वापस करने का फैसला किया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने अपने ट्वीट में कहा, राज्य सरकार पर वित्तीय बोझ को ध्यान में रखते हुए हम कांग्रेस सरकार द्वारा दिए गए आईफोन को वापस कर देंगे। इस मुद्दे पर विपक्ष के नेता गुलाबचंद कटारिया और उप नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ सहित अन्य विधायकों के साथ चर्चा के बाद निर्णय लिया गया है। राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार ने बुधवार को बजट पेश करने के बाद सभी 200 विधायकों को बजट की एक कापी के साथ आईफोन 13 दिया था। इन आईफोन की कीमत 75,000 रुपये से 1 लाख रुपये के बीच है। कहा जा रहा है कि राज्य सरकार ने हाल ही में 250 आईफोन खरीदे थे। इनमें से 200 विधायकों को दिए गए हैं। यह लगातार तीसरा साल है, जब विधायकों को बजट के बाद महंगे तोहफे दिए गए हैं। इससे पहले पिछले बजट के बाद विधायकों को एप्पल के आईपैड दिए गए थे। उससे पिछले साल बजट के दौरान लैपटॉप दिए गए थे। वहीं जयपुर में विधायकों के नए लग्जरी आवास भी बन रहे हैं। –आईएएनएस एचके/आरजेएस




