नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। लोकसभा और राज्यसभा से वक्फ संसोधन बिल पास हो गया है। इसके पास होने के बाद इस बिल को लेकर शिवसेना उद्धव गुट के नेता संजय राउत ने एक ऐसा दावा कर दिया है जिसकी चर्चा सियासी गलियारों में जमकर हो रही है। संसद में बेशक उन्होंने वक्फ बिल का विरोध किया था लेकिन उनका दावा है कि बीजेपी ने उनकी पार्टी से संपर्क किया था और वक्फ बिल के समर्थन में वोट करने की अपील की थी। इस दौरान उन्होंने शिवसेना शिंदे गुट को भी जमकर घेरा।
बीजेपी ने हमसे मांगा था समर्थन- संजय राउत
शिवसेना उद्धव गुट के सांसद संजय राउत ने अहम खुलासा करते हुए कहा बीजेपी ने हमसे संपर्क करके वक्फ बिल का समर्थन करने की अपील की थी। इस बिल का हिंदुत्व से कोई लेना देना नहीं है। ये अवैध काम को वैध बनाने के लिए इस बिल को लाए हैं। संजय राउत ने शिवसेना एकनाथ शिंदे गुट को भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि ये लोग प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह के चेले हैं। बता दें कि शिवसेना उद्धव गुट ने बिल के विरोध में वोट किया था जबकि संजय राउत का दावा था कि हमारे कुछ सांसद बाहर थे, अगर वह भी संसद में होते तो विरोध में वोट करते।
बिल को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती नहीं देगा उद्धव गुट
इस बिल को लेकर इंडिया ब्लॉक के दलों में एक राय नहीं बन पा रही है। संसद के दोनों सदनों में विपक्षी दलों ने इसका विरोध किया। हालांकि नंबर गेम में पिछड़ जाने के बाद बिल पास हो गया। अब कांग्रेस के मोहम्मग जावेद ने इस बिल की वैधानिकता को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। DMK ने भी वक्फ संसोधन बिल को सुप्रीम कोर्ट में चैलेंज करने का फैसला लिया है। हालांकि दूसरी तरफ संजय राउत का कहना है कि उनके लिए यह फाइल बंद हो गई है। शिवसेना उद्धव गुट इसे चुनौती नहीं देगा।




