नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । एक साल में भारतीय जनता पार्टी को मिलने वाले डोनेशन में भारी इजाफा हुआ है। राष्ट्रीय दलों के बीच एक साल के भीतर मिलने वाला चंदा की रकम में बीजेपी सबसे आगे है। चुनाव अधिकार निकाय एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की एक रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, चालू वित्तीय वर्ष में बीजेपी को चंदे में 2243 करोड़ रुपये मिले हैं, जो कि 2022-23 की तुलना में 1524 करोड़ रुपये अधिक हैं। सियासी दलों ने 20 हजार रूपये से ऊपर के डोनेशन का ब्यौरा चुनाव आयोग को सौंपा है। इसके मुताबिक पूरे वित्तीय वर्ष में राजनीतिक दलों को 2544.278 करोड़ से ज्यादा की रकम प्राप्त हुई है।
बीजेपी को वर्ष 2023-24 में मिला इतना चंदा
देश के सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी सबसे ज्यादा चंदे की रकम प्राप्त करने वाली पार्टी भी है। बीजेपी को वित्तीय वर्ष 2022-23 के 719.858 करोड़ रुपये के मुकाबले वित्तीय वर्ष 2023-24 में 2,243.94 करोड़ रुपये हो गया, जो कि 211.72 फीसदी की बढ़ोतरी को साफ दर्शाता है। ADR की रिपोर्ट की माने तो इसी तरह कांग्रेस को मिलने वाला चंदा वित्तीय वर्ष 2022-23 में 79.924 करोड़ रुपये से बढ़कर वित्तीय वर्ष 2023-24 में 281.48 करोड़ रुपये हो गया, जो 252.18 फीसदी बढ़ा है।
चंदे के मामले में कांग्रेस भी पीछे नहीं
राष्ट्रीय पार्टियों को मिले कुल घोषित चंदे की रकम 2,544.28 करोड़ रुपये है जो कि 12,547 दानदाताओं से मिला है। यह आंकड़ा पिछले साल के मुकाबले में 199 फीसदी अधिक है। केवल बीजेपी के घोषित दान का कुल हिस्सा 88 फीसदी है। वहीं, कांग्रेस 1994 लोगों से मिले 281.48 करोड़ रुपये के चंदे के साथ दूसरे नंबर पर रही है, लेकिन भाजपा से काफी पीछे है।
AAP और NPEP के डोनेशन में गिरावट
ADR की रिपोर्ट के मुताबिक, 2023-24 में आम आदमी पार्टी (AAP) और नेशनल पीपुल्स पार्टी (NPEP) के चंदे में भारी गिरावट आई है। रिपोर्ट के अनुसार पिछले वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में 2023-24 में आप को मिले चंदे में 70.18 फीसदी यानी 26.038 करोड़ रुपये की कमी आई और आम आदमी पार्टी को करीब 11 करोड़ रुपए का ही चंदा मिला है।




