तमिलनाडु और असम चुनाव के लिए BJP ने किए प्रभारियों के नाम तय, पीयूष गोयल और विजयंत पांडा को बड़ी जिम्मेदारी

भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु और असम विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए चुनाव प्रभारियों और सह-प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है।

0
1
Piyush Goyal and bayjant panda
Piyush Goyal and bayjant panda

नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। भारतीय जनता पार्टी ने तमिलनाडु और असम विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी तैयारियों को तेज करते हुए चुनाव प्रभारियों और सह-प्रभारियों के नामों का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने दोनों राज्यों के लिए अनुभवी और वरिष्ठ नेताओं को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

तमिलनाडु के लिए पीयूष गोयल को जिम्मेदारी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल को बीजेपी का चुनाव प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके साथ केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल को सह-प्रभारी बनाया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी पत्र के अनुसार, इन नियुक्तियों को पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा की मंजूरी मिली है। माना जा रहा है कि बीजेपी दक्षिण भारत में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए इस बार रणनीतिक रूप से पूरा जोर लगाएगी।

असम में विजयंत पांडा को सौंपी कमान

वहीं असम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष विजयंत पांडा को चुनाव प्रभारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर विधानसभा में नेता विपक्ष सुनील कुमार शर्मा और पूर्व केंद्रीय मंत्री दर्शना बेन जारडोश को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है।

चुनावी तैयारी में जुटी बीजेपी

इन नियुक्तियों के साथ ही बीजेपी ने साफ संकेत दे दिया है कि वह दोनों राज्यों में चुनाव को लेकर पूरी तरह गंभीर है। चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और जमीनी स्तर पर पार्टी को सक्रिय करने का काम करेंगे। बीजेपी की यह घोषणा आने वाले विधानसभा चुनावों से पहले संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here