नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की राजधानी दिल्ली में क्रिसमस सेलिब्रेशन के एक इवेंट में शामिल हुए थे। इस इवेंट का आयोजन कैथोलिक बिशप्स कॉन्फ्रेंस ऑफ इंडिया ने किया था। अब इसको लेकर केरल की एक कैथोलिक चर्च के बिशप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तंज कसा है। केरल की एक कैथोलिक चर्च के बिशप ने फेसबुक पर लिखा है कि वहां वे बिशप का सम्मान करते हैं और क्रिब को लेकर बड़ी श्रद्धा दिखाते हैं। यहां वे क्रिब को तबाह करने के मंसूबे पाले हुए हैं। बताना चाहेंगे कि यहां क्रिब का मतलब क्रिसमस सेलिब्रेशन के दौरान की जाने वाली उस सजावट से है, जो ईसा मसीह के जन्म को दर्शाती है। दरअसल, केरल की एक कैथोलिक चर्च के बिशप ने अपनी फेसबुक पोस्ट में पलक्कड़ के सरकारी स्कूलों में क्रिसमस सेलिब्रेशन के आयोजनों में खड़े हुए बवाल का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है।
केरल पुलिस ने VHP के 3 लोगों के खिलाफ दर्ज की FIR
केरल के पलक्कड़ के नालेपल्ली इलाके के अपर प्राइमरी स्कूल में बड़े धूमधाम के साथ क्रिसमस मनाया जा रहा था। इसी दौरान अनिल कुमार के नेतृत्व में VHP के तीन नेता उस स्कूल में पहुंच गए थे। खबरों के अनुसार, इन लोगों ने क्रिसमस के सेलिब्रेशन पर ही सवाल खड़े कर दिए थे और क्रिसमस के सेलिब्रेशन को रोकने की कोशिश की। आरोप है कि इन लोगों ने कहा कि आप लोग क्रिसमस को तो मनाते हैं, लेकिन जन्माष्टमी को क्यों नहीं मनाते हैं। इसके अलावा इन लोगों ने अध्यापकों और अन्य लोगों के सांता क्लॉज की ड्रेस पहनने को लेकर भी सवाल उठाए थे। पुलिस ने VHP के इन नेताओं को गिरफ्तार कर इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के सेक्शन 329 (3), 296 (b), 351 (2) और 132 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
BJP की तरफ से स्नेह यात्रा की शुरुआत भी की गई है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, केरल के एक अन्य स्कूल में क्रिसमस के क्रिब को नुकसान पहुंचाया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और अपनी जांच तेजी से शुरू कर दी है। केरल की एक कैथोलिक चर्च के बिशप ने इन्ही दो घटनाओं को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्रिसमस सेलिब्रेशन में जाने को लेकर तंज कसा है। हालांकि BJP की तरफ से स्नेह यात्रा की शुरुआत भी की गई है। स्नेह यात्रा के तहत भाजपा के नेता केरल में क्रिसमस के कार्यक्रमों में हिस्सा ले रहे हैं।




