नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा आज 23 दिसंबर 2024 से शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की यह प्रगति यात्रा पश्चिम चंपारण से शुरू हुई है। नीतीश कुमार हवाई मार्ग से पश्चिम चंपारण के बगहा पहुंचे। जहां से उनकी प्रगति यात्रा की अधिकारिक शुरुआत हुई है। नीतीश कुमार पश्चिम चंपारण में 781.54 करोड़ रुपए की लागत से 339 विकास योजनाओं का शिलान्यास और 59 योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। नीतीश कुमार की इस प्रगति यात्रा का समापन 28 दिसंबर 2024 को वैशाली जिले में होगा। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा पहले चरण में 23 दिसंबर 2024 से 28 दिसंबर 2024 तक पांच जिलों को पूरा करेगी। बिहार सरकार ने इसको लेकर अधिकारिक पत्र भी जारी किया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रगति यात्रा के दौरान सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
पहले चरण में इन पांच जिलों की करेंगे यात्रा
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार 23 दिसंबर 2024 को बिहार के पश्चिम चंपारण जिले की यात्रा करेंगे। 24 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के पूर्वी चंपारण जिले की यात्रा करेंगे। 25 दिसंबर 2024 को क्रिसमस का सरकारी अवकाश रहेगा। 26 दिसंबर 2024 को प्रगति यात्रा फिर से शुरू होगी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के शिवहर जिले और सीतामढ़ी जिले की यात्रा करेंगे। 27 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की यात्रा करेंगे। वहीं 28 दिसंबर 2024 को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के वैशाली जिले की यात्रा करेंगे।
तेजस्वी यादव ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा
बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की इस प्रगति यात्रा को लेकर उनपर जमकर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने नीतीश कुमार की इस यात्रा को अलविदा यात्रा का नाम दे दिया है। तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार के सीएम नीतीश कुमार को दो अरब 25 करोड़ 78 लाख की अलविदा यात्रा पर निकलने से पहले जनता से क्षमा-याचना मांगनी चाहिए। क्योंकि 20 वर्षों में कथित यात्राओं के माध्यम से राजनीतिक पर्यटन पर निकलने के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अभी तक वास्तविक तथ्य-सत्य और साक्ष्य क्यों नहीं जान पाए हैं।




