पटना, 16 मार्च (आईएएनएस)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) द्वारा 12 वीं (इंटर) की परीक्षा 2022 के नतीजे बुधवार को घोषित कर दिए गए। इस परीक्षा में कुल 80.15 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण घोषित किए गए, जबकि सबसे अधिक वाणिज्य संकाय में 90 प्रतिशत से अधिक परीक्षार्थी सफल हुए। राज्य के शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी ने परीक्षा परिणाम जारी किए। इस मौके पर शिक्षा विभाग के अपर मुख्य उसचिव संजय कुमार और बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर भी मौजूद रहे। बीएसईबी के अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि इस साल तीनों संकायों में मिलाकर 13,25,749 परीक्षार्थी शाामिल हुए थे, जिसमें से 80.15 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल घोषित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कला संकाय में जहां 79.53 प्रतिशत परीक्षार्थी सफल हुए, वहीं वाणिज्य संकाय में 90.38 प्रतिशत तथा विज्ञान संकाय में 79.81 प्रतिशत परीक्षार्थी उतीर्ण हुए हैं। उन्होंने बताया कि इंटरमीडिएट वार्षिक परीक्षा 2022 के विज्ञान संकाय में कुल 5,67,473 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए, जिसमें कुल 3,80,065 छात्र तथा 1,87,408 छात्राएं थी। इस संकाय में 2,65,218 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में, 1,82,919 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में तथा 4,764 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस प्रकार, विज्ञान संकाय में कुल 4,52,901 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो इस संकाय की परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों का 79.81 प्रतिशत है। इसी तरह वाणिज्य संकाय में कुल 60,637 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए जिसमें से कुल 31.353 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी में 19,035 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में तथा 4,417 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। इस प्रकार, वाणिज्य संकाय में कुल 54,805 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो इस संकाय की परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों का 90.38 प्रतिशत है। इस साल कला संकाय में कुल 6,97,086 परीक्षार्थी शामिल हुए, जिसमें 1,55,458 परीक्षार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए जबकि 3,08,611 परीक्षार्थी द्वितीय श्रेणी में तथा 90,350 परीक्षार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए। कला संकाय में कुल 5,54,419 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं, जो इस संकाय की परीक्षा में सम्मिलित परीक्षार्थियों का 79.53 प्रतिशत है। उन्होंने कहा कि कला संकाय में गोपालगंज के रहने वाले संगम राज कुल 482 अंक लाकर राज्य टॉपर बने वहीं वाणिज्य संकाय में अंकित गुप्ता 473 अंक लाकर राज्य में पहला नंबर प्राप्त किया। विज्ञान संकाय में सैारभ कुमार और अर्जुन कुमार संयुक्त रूप से टॉपर रहे। दोनों ने 472 अंक हासिल किए हैं। किशोर ने कहा कि पिछले चार वर्षों से किसी भी राज्य से पहले बिहार विद्यालय परीक्षा समिति परीक्षा परिणाम जारी कर रहा है। इस मौके पर शिक्षा मंत्री ने बीएसईबी के अधिकारियों और कर्मचारियों को कम समय में परीक्षा परिणाम की घोषणा करने के लिए बधाई दी। –आईएएनएस एमएनपी/एएनएम




