नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दक्षिण दिल्ली के नेब सराय इलाके में 4 दिसंबर 2024 को हुए ट्रिपल मर्डर ने पूरे देश को हिला कर रख दिया था। 4 दिसंबर 2024 की सुबह नेब सराय इलाके के एक घर में मां-बाप और उनकी बेटी की हत्या कर दी गई थी। इस बड़ी वारदात के समय उनका बड़ा बेटा मॉर्निंग वॉक पर गया हुआ था। लेकिन अब दिल्ली पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है कि इन हत्याओं को अंजाम उसी बेटे ने दिया है, जो सुबह मॉर्निंग वॉक पर चला गया था। दिल्ली पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में लिया है, आरोपी बेटे ने पुलिस की कस्टडी में अपना जुर्म कुबूल कर लिया है।
बेटे ने ही परिवार को उतारा मौत के घाट: दिल्ली पुलिस
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, ये ट्रिपल मर्डर दक्षिण दिल्ली के नेब सराय के देवली गांव में 4 दिसंबर 2024 की सुबह हुआ। दिल्ली पुलिस की हिरासत में आरोपी बेटे ने खुलासा किया कि उसके पिता उसको खूब अपमानित करते थे और अपनी संपत्ति को भी बहन के नाम करने को कहते थे। दिल्ली पुलिस का कहना है कि इसी कारण उसने अपने मां-बाप और बहन की हत्या कर दी। आरोपी अर्जुन ने अपने पिता राजेश, मां कोमल और बहन कविता की हत्या की थी।
जानकारी मिली है कि जिस दिन आरोपी ने अपने मां-बाप की हत्या की उस दिन उनकी मैरिज एनिवर्सरी थी। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने खुलासा किया है कि आरोपी बेटे ने अपने परिवार को नींद में चाकू गोदकर मौत के हवाले कर दिया था। जिसके बाद वह मॉर्निंग वॉक पर चला गया था। किसी को उसपर शक न हो इसके लिए उसने नाटक रचते हुए घर लौटकर अपने रिश्तेदारों और पुलिस को इस हत्या की सूचना दी।
आरोपी इस तरह से आया दिल्ली पुलिस की रडार में
लेकिन दिल्ली पुलिस को आरोपी बेटे अर्जुन पर उस समय शक हुआ, जब उन्होंने पूरे इलाके के CCTV कैमरे चैक किए और आसपास के लोगों से गहन पूछताछ की। दिल्ली पुलिस को CCTV कैमरे में किसी प्रकार की कोई हलचल नहीं दिखी। न ही आरोपी के घर में कोई अंदर जाते हुए दिखाई दिया। दिल्ली पुलिस ने घर में भी जांच की तो वहां किसी प्रकार की कोई भी तोड़फोड़ नहीं मिली और न ही कोई चोरी जैसी वारदात नजर आई। इसके बाद दिल्ली पुलिस का पूरा शक आरोपी बेटे अर्जुन पर गया और सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरी घटना के बारे में बता दिया।





