नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। बिहार के भागलपुर में एक 35 साल के शख्स ने अपनी कांस्टेबल पत्नी, बच्चों और मां की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के मुताबिक, पूरे परिवार को खत्म करने वाले शख्स को शक था कि उसकी कॉन्स्टेबल पत्नी के किसी और के साथ संबंध हैं। इसी को लेकर दोनों की अक्सर लड़ाई भी होती थी।
भागलपुर के पुलिस लाइन में सरकारी क्वाटर में हुई
यह घटना भागलपुर के पुलिस लाइन में सरकारी क्वाटर में हुई। घटना का पता तब लगा जब दूधवाले ने सुबह दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आ रही थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो घर के अंदर पांच शव मिले एक शव सीलिंग फैन से लटका था और चार पलंग पर थे। पलंग पर जो शव मिले उनपर धारदार हथियार से वार किए गये थे। पांचों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
DIG विवेकानंद ने कहा कि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है
फॉरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल से सबूत जोड़ रहे हैं। भागलपुर के DIG विवेकानंद ने कहा कि कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद किया गया है। जिसमें महिला कांस्टेबल के पति ने कबूल किया है कि उसने अपनी मां दो बच्चों और फिर पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
कांस्टेबल नीतू कुमार भागलपुर में SSP ऑफिस में पोस्टिड थी
महिला कांस्टेबल नीतू कुमार भागलपुर में SSP ऑफिस में पोस्टिड थी। पड़ोसी ने पुलिस को बताया कि सोमवार को दोनों के बीच लड़ाई हुई थी। दोनों के बीच यह रोज की बात थी। महिला कांस्टेबल नीतू और उसका पति पंकज इससे पहले बक्सर में मॉल में काम करते थे। बिहार पुलिस में नीतू का 2015 में सिलेक्शन हुआ। भागलपुर SSP ऑफिस में पोस्टिंग होने से पहले नीतू नौगाछिया में पोस्टेड थी। परिवार डिस्ट्रिक्ट पुलिस लाइन के क्वाटर में रहता था। नीतू की नौकरी लगने के बाद पंकज ने नौकरी छोड़ दी और घर की देखरेख करता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पंकज को शक था कि नीतू का एक दूसरे कॉन्स्टेबल के साथ रिलेशन है, इसी को लेकर दोनों की अक्सर लड़ाई होती थी।
इसी बीच पुलिस DIG ने बताया कि घटनास्थल से एक चाकू बरामद हुआ है जो हत्या के लिए प्रयोग किया गया था। पुलिस ने उसे जांच के लिए फॉरेंसिक लैब में भेज दिया है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें- https://raftaar.in





