नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) को लेकर आम आदमी पार्टी पूरी तरह सजग नजर आ रही है। हाल ही में AAP संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक के बाद एक दिल्लीवालों के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। महिला सम्मान निधि के बाद अब दिल्ली के बुजुर्गों को तोहफा मिला है। बुधवार को अरविंद केजरीवाल ने संजीवनी योजना लॉन्च की जिसमें दिल्ली में रहने वाले 60 साल के ऊपर के बुजुर्गों को फ्री इलाज मुहैया कराया जाएगा।
AAP वॉलंटियर्स घर घर जाकर करेंगे रजिस्ट्रेशन
अरविंद केजरीवाल ने ऐलान करते हुए बताय कि संजीवनी योजना में दिल्ली के 60 साल से ऊपर के बुजुर्गों का सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह के अस्पतालों में फ्री इलाज मुहैया कराया जाएगा। इस योजना का लाभ उठाने के लिए कोई निश्चित आय सीमा का होना जरूरी नहीं है। हालांकि अरविंद केजरीवाल ने कहा कि यह योजना दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की जीत के बाद लागू होगी लेकिन इसके लिए रजिस्ट्रेशन एक दो दिन में शुरु कर दिए जाएंगे और AAP वॉलंटियर्स घर घर जाकर रजिस्ट्रेशन करेंगे।
महिलाओं और ऑटोचालकों के लिए भी अरविंद केजरीवाल कर चुके हैं ऐलान
हाल ही में दिल्ली के कोंडली में अरविंद केजरीवाल एक ऑटोचालक के घर पहुंचे थे जहां से उन्होंने ऑटोचालकों को इंश्योरेंस मुहैया कराने और उनकी बेटी की शादी में एक एक लाख रुपये देने का ऐलान किया है। इस योजना के महज कुछ दिन बाद ही उन्होंने महिलाओं के लिए महिला सम्मान निधि का ऐलान किया। इस योजना में दिल्ली की 18 साल से ऊपर की महिलाओं को हर महीनें 1000 रुपये दिए जाएंगे। अरविंद केजरीवाल ने घोषणा करते हुए यह भी बताया कि “अगर उनकी सरकार वापस आती है तो यह राशि बढ़कर 2100 रुपये हो जाएगी।”





