नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) का बिगुल बज चुका है जिसे लेकर सत्ता संभाल रही आम आदमी पार्टी एक्शन मोड़ में आ गई है। रविवार को आम आदमी पार्टी ने अपनी फाइनल लिस्ट जारी कर 70 की 70 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार दिए हैं। आज सोमवार को AAP ने महिला सुरक्षा के मुद्दे पर महिला अदालत लगाने का ऐलान किया है। इस अदालत में आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल के साथ उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव भी शामिल होंगे। इसके अलावा दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी भी इसमें शिरकत करेंगी।
दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में लगेगा महिलाओं का जमावड़ा
महिला अदालत का आयोजन दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में किया जा रहा है जो दोपहर 12 बजे शुरु होगा। इस कार्यक्रम को लेकर अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा है कि “दिल्ली में बढ़ते हुअ अपराध चिंता का विषय हैं। दिल्ली की सुरक्षा के लिए जिम्मेगदार लोगों को यह कार्यक्रम जरूर देखना चाहिए।”
आम आदमी पार्टी लगातार उठा रही है सुरक्षा का मुद्दा
दिल्ली में सुरक्षा के मुद्दे को लेकर वार पलटवार का दौर चल रहा है। लगातार घट रही घटनाओं को लेकर अरविंद केजरीवाल समेत आम आदमी पार्टी गृह मंत्री अमित शाह पर हमलावर है जबकि BJP की ओर से यह आरोप लगाया जा रहा है कि दिल्ली सरकार की शह पर ही दिल्ली में बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाया जा रहा है। हाल ही में आप मुखिया अरविंद केजरीवाल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सुरक्षा के मुद्दे पर चिट्ठी लिखी है जिसमें उन्होंने अमित शाह से मिलन का समय मांगा है। इसके बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने भी गृह मंत्री को चिट्ठी लिखकर बिगड़ती हुई सुरक्षा वयवस्था पर चिंता जाहिर की है।





