जबलपुर, 10 मई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चपेट में सरकारी कर्मचारी और उनके परिजन भी बड़ी संख्या में आ रहे है। मध्य प्रदेश के जबलपुर में कर्मचारी और उनके परिजनों के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके इसके लिए नर्सिंग छात्रावास में 50 बिस्तर आरक्षित किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रत्नेश कुररिया ने चिकित्सा अधिकारियों, समस्त लिपिकीय संवर्ग कर्मचारी और नर्सिंग स्टॉफ की बैठक में बताया कि शासकीय कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिये कोरोना पीड़ित होने पर नसिर्ंग हॉस्टल के लगभग 50 बेड आरक्षित रखे गये हैं। साथ ही रोगी कल्याण समिति को प्रस्ताव बनाकर कलेक्टर की अनुशंसा से रेमडेसीविर इंजेक्शन क्रय करने हेतु कहा गया और ये इंजेक्शन कर्मचारियों को क्रय दर पर ही उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ये भी कहा गया है कि मैदानी कर्मचारियों के किसी भी स्वत्वों व देयकों में किसी भी प्रकार का विलंब न किया जाये। उन्हें तत्काल सुविधा प्रदान किया जाए , जिससे मैदानी कर्मचारी को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। इस बैठक में क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवायें डॉ. संजय मिश्रा ने बताया है कि कि यदि किसी भी कर्मचारी को किसी भी प्रकार की कोई समस्या है, तो अपने अधिकारियों को अवगत करायें, उसका तत्काल निराकरण किया जायेगा। –आईएएनएस एसएनपी/आरजेएस





