नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने गुरुवार (9 अक्टूबर) को लखनऊ में कांशीराम की पुण्यतिथि पर बड़ी रैली का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और दोनों दलों की नीतियों की आलोचना की।
बीएसपी चीफ मायावती ने इस दौरान योगी सरकार की भी तारीफ की। लेकिन उनकी इस रैली ने यूपी की राजनीति में बड़ी हलचल पैदा कर दी है। बसपा सुप्रीमो ने विरोधियों को स्पष्ट संदेश दिया कि उनके नेताओं के होश उड़ जाना स्वाभाविक है।
लखनऊ में बसपा की महारैली में पूर्व सीएम मायावती ने 19वें परिनिर्वाण दिवस पर कांशीराम को याद किया। उन्होंने एक्स पर लिखा कि लखनऊ के वीआईपी रोड पर बीएसपी सरकार द्वारा निर्मित विशाल और भव्य कांशीराम स्मारक स्थल में हुआ यह महा आयोजन पार्टी कार्यकर्ताओं के लिए गर्व का क्षण था।
विरोधी पार्टियों के होश उड़ना स्वाभाविक
पूर्व सीएम मायावती ने बताया कि, महारैली में उनके खून-पसीने से जुटाए गए समर्थकों, युवाओं और महिलाओं की रिकॉर्ड तोड़ भीड़, उनके जोश, उमंग और यूपी में पांचवीं बार बसपा सरकार बनाने के दृढ़ संकल्प को देखकर विरोधी पार्टियों और नेताओं के होश उड़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि उनकी बेतुकी बयानबाजी पर ध्यान न देना ही बेहतर होगा।
बसपा चीफ मायावती ने आगे लिखा, “वैसे भी ‘बहुजन समाज’ के लोग अपने वोटों के बलबूते शोषित से शासक वर्ग बनकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर का सपना पूरा करने के लिए कितने तत्पर और संघर्षशील हैं। इसकी स्पष्ट झलक उन्होंने कल यूपी सहित पूरे देश को दिखा दी।”
”मिशन 2027 में जुट जाएं, पूरी ताकत से”
बसपा चीफ मायावती ने कहा कि अब उन्हें विरोधियों के साम, दाम, दण्ड, भेद जैसी हर चाल से सजग रहते हुए अपने मिशन 2027 में पूरे तन, मन और धन से जुट जाना है। उन्होंने बताया कि कांशीराम की पुण्यतिथि पर लखनऊ में हुए महा-आयोजन में यूपी के सभी 75 जिलों से लाखों पार्टी कार्यकर्ता पहुंचे। इनके सुरक्षित आने-जाने में बीएसपी के सभी पदाधिकारी, नेता और वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अहम भूमिका निभाई, जिसके लिए पार्टी कृतज्ञ है।
बीएसपी मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प
मायावती ने कहा, “इस महा आयोजन में पार्टी के सभी छोटे-बड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अनुयायी और शुभचिंतक जिन्होंने किसी न किसी रूप में योगदान दिया, उनके प्रति हम पूरे तहे दिल से आभार और धन्यवाद प्रकट करते हैं। इसके अलावा, देशभर में उन सभी लोगों का भी हार्दिक धन्यवाद, जिन्होंने अपने-अपने प्रदेश और जिलों में कांशीराम को श्रद्धासुमन अर्पित किए और उनके बीएसपी मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।”





