नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश के बहराइच में रविवार को मूर्ति विसर्जन के दौरान काफिले पर फायरिंग हुई जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। घटना के बाद देर रात लोगों ने अस्पताल चौराहे पर दुकानों को आग के हवालें कर दिया गया। इन लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसके बाद इन दंगा करनेवाले लोगों को रोकने के लिए ADG लॉ एंड आर्डर अमिताभ यश भी मौके पर पहुंचे।
यूपी में सुपर कॉप के नाम से जाने जाते हैं अमिताभ
STF चीफ अमिताभ यश को यूपी में सुपर कॉप के नाम से जाना जाता है। अमिताभ यश मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने पहुंचे हैं। साथ ही पूरी घटना की जानकारी भी वे मुख्यमंत्री को देंगे। इस दौरान उनके साथ ACS होम संजीव गुप्ता भी मौजूह रहे। दोनों लोगों को मुख्यमंत्री के आदेश पर घटनास्थल पर भेजा गया है।
आग और पथराव में झुलसा बहराइच
घटना के बाद से बहराइच फायरिंग और पथराव की आग में झुलस गया है। ग्रामीण फायरिंग के आरोपियों की मौत के बदले मौत की मांग को लेकर सड़कों पर उतर गए हैं। उनका कहना है कि युवक का अंतिम संस्कार तब तक नहीं किया जाएगा जब तक आरोपियों को भी मौत के घाट न उतारा जाए। हालांकि प्रशासन लगातार उनसे अपील कर रहा है कि युवक का अंतिम संस्कार करने दिया जाए। टकराव की स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिसबल की तैनाती की गई है।
मुख्यमंत्री ने दिए सावधानी बरतने के निर्देश
बहराइच में हुए इस फायरिंग कांड के बाद यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस-प्रशासन को सख्ती बरतने के आदेश दिए हैं। सीएम ने निर्देश दिए हैं कि किसी भी परिस्थिति में लॉ एंड आर्डर न बिगड़ने पाए और जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाए। हालांकि मौजूदा स्थिति इतनी बिगड़ चुकी है कि बहराइच में लोगों का गुस्सा उग्र रूप लेता हुआ दिखाई दे रहा है जिसके सामने प्रशासन लाचार नजर आ रहा है। बिगड़ती हुई कानून व्यवस्था को देखते हुए वहां PAC के जवानों की तैनाती भी कर दी गई है।




